मुंबई, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। निजी क्षेत्र की हाउसिंग फाइनेंस कंपनी डीएचएफएल ने सोमवार को कहा कि कंपनी ने 30 सितंबर को समाप्त दूसरी तिमाही में 232.61 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया और इसमें 28.96 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, तिमाही दर तिमाही कंपनी की प्रबंधनाधीन परिसंपत्ति (एयूएम) 19.71 प्रतिशत बढ़कर 75,223 करोड़ रुपए पहुंच गई। पिछले साल समान अवधि में कंपनी की परिसंपत्ति 62,837 करोड़ रुपये थी।
बयान के अनुसार, 30 सितंबर को समाप्त तिमाही में शुद्ध लाभ 28.96 प्रतिशत बढ़कर 232.61 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि गत वर्ष समान अवधि में यह आंकड़ा 180.36 करोड़ रुपये था।
बयान में कहा गया है कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का कर पूर्व लाभ 27 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 352.22 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल समान तिमाही में यह 277.33 करोड़ रुपये था।
कंपनी की ऋण मंजूरी और वितरण क्रमश: 8,437 करोड़ रुपये और 6,609 करोड़ रुपए रहा। इसमें गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 10 प्रतिशत और 32 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया। कुल आय 19.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,167.72 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि बीते साल की आलोच्य तिमाही में कुल आय 1811.63 करोड़ रुपये थी।
कंपनी की सकल एनपीए 0.96 प्रतिशत यानी 630 करोड़ रुपये रही। शुद्ध ब्याज मार्जिन 3.05 प्रतिशत रहा, जोकि पिछले वर्ष की समान तिमाही के 2.89 प्रतिशत से अधिक है।
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर डीएचएफएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कपिल वाधवान ने कहा, “कंपनी ने उचित उत्पाद मिश्रण एवं 9.35 प्रतिशत की दर से शुरू होने वाली आकर्षक ब्याज दरों की वजह से एयूएम में विकास दर्ज किया है। यह ब्याज दर प्रत्येक भारतीय को अपना खुद का घर खरीदने में सक्षम बनाएगी। हमें भरोसा है कि आरबीआई द्वारा ब्याज दरों में कटौती और किफायती हाउसिंग के लिए मजबूत मांग हमें आने वाली तिमाहियों में अधिक पूंजी लगाने में सक्षम बनाएगी और इस तरह आगामी तिमाहियों में विकास को बल मिलेगा।”
dharmpath.com dharmpath