डीएमआरसी-ओला मनी के बीच साझेदारी

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर के सार्वजनिक परिवहन की रीढ़ दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने नकदरहित अर्थव्यवस्था की दिशा में पहल करते हुए मोबाइल एप ओला के डिजिटल भुगतान समाधान ओला मनी के साथ साझेदारी की है।

यह साझेदारी डीएमआरसी के लाखों उपभोक्ताओं को डिजिटल भुगतान के आसान विकल्प उपलब्ध कराएगी। दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने वाले यात्री अब सीधे ओला मनी एप से अपना मेट्रो कार्ड रीचार्ज कर सकेंगे। इसके अलावा वे डीएमआरसी की वेबसाइट पर ओला मनी वॉलेट के माध्यम से भी भुगतान का विकल्प भी चुन सकते हैं।

दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने वाले 70 फीसदी से ज्यादा यात्री मेट्रो कार्ड का इस्तेमाल करते हैं और इसे नियमित रूप से रीचार्ज करते हैं। वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या मंे दिल्ली मेट्रो के उपभोक्ता परिवहन सम्बन्धी जरूरतों के लिए ओला का भी इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में ओला के ई-वॉलेट, ओला मनी के साथ यह साझेदारी दिल्ली मेट्रो के लाखों उपभोक्ताओं को डिजिटल भुगतान के आसान विकल्प उपलब्ध कराएगी।

इस मौके पर डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन्स) अनुज दयाल ने कहा, “हमें उम्मीद है कि ओला मनी के साथ हमारी यह साझेदारी इन यात्रियों के लिए भुगतान प्रणाली को बेहद सहज और आसान बना देगी। परिवहन का किफायती एवं इको-फ्रैंडली विकल्प उपलब्ध कराने वाली डीएमआरसी लोगों को ऑनलाइन भुगतान के विकल्पों का इस्तेमाल करने के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहती है।”

ओला के मार्केटिंग कम्युनिकेशन्स के वरिष्ठ निदेशक आनंद सुब्रह्मण्यम ने कहा, “लाखों लोग रोजाना दिल्ली मेट्रो से सवारी करते हैं और अपने मेट्रो कार्ड नियमित रूप से रीचार्ज करवाते हैं। ओला मनी अब इस प्रक्रिया को पहले से कहीं अधिक आसान बना देगा, क्योंकि ये नागरिक अब ओला मनी का इस्तेमाल करके या डीएमआरसी की वेबसाइट पर विजिट करके बड़ी आसानी से अपना मेट्रो कार्ड रीचार्ज कर सकेंगे।”

दिल्ली मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्रियों की कुल संख्या हाल ही में एक अरब के आंकड़े को पार कर गई है। इसी के साथ डीएमआरसी दुनिया भर में शीर्ष पायदान की 10 मेट्रो प्रणालियों में शामिल हो गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493