मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। अपनी आगामी फिल्म ‘बागी’ में मार-धाड़ के रोमांचक दृश्यों से दर्शकों के मनोरंजन का वादा करने वाले अभिनेता टाइगर श्रॉफ का कहना है कि एक अभिनेता के लिए फिल्मों में ‘डुप्लिकेट’ का इस्तेमाल करना सही नहीं।
बॉलीवुड में हालांकि, कलाकारों के लिए ‘डुप्लिकेट’ का इस्तेमाल काफी समय से चला आ रहा है।
इस पर टाइगर ने आईएएनएस को बताया, “मैं सारे स्टंट वाले दृश्य खुद करता हूं, क्योंकि मेरा मानना है कि एक अभिनेता के लिए ‘डुप्लिकेट’ का इस्तेमाल करना सही नहीं। इसलिए मैंने कड़ी मेहनत की और जहां तक संभव हो सके सारे दृश्य खुद किए।”
टाइगर ने आगे कहा, “अगर ‘डुप्लिकेट’ होता, तो मैं उसे फिल्म का नायक बनाना ज्यादा जरूरी समझता। उसका श्रेय लेना सही नहीं। मैंने किरदार के साथ ईमानदार रहने पूरी कोशिश की।”
‘बागी’ फिल्म में ‘हीरोपंती’ निर्देशक सब्बीर खान, निर्माता साजिद नाडियाडवाला और अभिनेता टाइगर की टीम एक बार फिर साथ काम कर रही है।
इस फिल्म में किए गए मार-धाड़ के दृश्यों के लिए टाइगर ने ग्रैंडमास्टर शिफुजी शौर्य भारद्वाज से कलारीपयट्टू का प्रशिक्षण लिया है।
टाइगर की मेहनत को देखकर भारद्वाज ने कहा कि उनके लिए यह एक भावुक सफर था।
dharmpath.com dharmpath