डेनमार्क में गोलीबारी, 2 मरे, 5 घायल (लीड-1)

कोपेनहेगन, 15 फरवरी (आईएएनएस)। डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में शनिवार शाम से अब तक हुए अलग-अलग हमलों में दो लोगों की मौत हो गई और पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इन हमलों में दो लोग मारे गए हैं।

पहला हमला शनिवार अपराह्न् एक सांस्कृति केंद्र में हुआ, जिसमें तीन पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं। इस सांस्कृति केंद्र में डेनमार्क में फ्रांस के राजदूत फ्रांस्वा जिमिरे और स्वीडन के कार्टूनिस्ट लार्स विल्क्स ‘कला, ईशनिंदा व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता’ विषय पर हो रही बैठक में हिस्सा ले रहे थे। उल्लेखनीय है कि कार्टूनिस्ट लार्स विल्क्स द्वारा पैगंबर मोहम्मद का विवादास्पद कार्टून बनाए जाने के बाद 2007 में दुनियाभर में प्रदर्शन हुए थे।

समाचारपत्र ‘द कोपेनहेगन पोस्ट’ के अनुसार, दूसरा हमला रविवार तड़के कोपेनहेगन के मुख्य उपासनागृह के नजदीक हुआ, जिसमें सिर में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई व दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

पुलिस ने कहा है कि एक संदिग्ध हमलावार मौके से भाग निकला। उसने काली पैंट, जूते व हल्के भूरे रंग की जैकेट पहन रखी थी।

पुलिस ने कहा कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि उपासनागृह के करीब हुई गोलीबारी की ताजा घटना कल (शनिवार) सांस्कृतिक केंद्र पर हुई गोलीबारी की घटना से जुड़ी हुई है या नहीं।

डेनमार्क की प्रधानमंत्री हेले थोरनिंग-शिमि ने शनिवार को पहले हमले के बाद कहा कि यह आतंकवादी हमला है। उन्होंने कहा कि डेनमार्क हिंसा के आगे कभी नहीं झुकेगा।

हेले ने कहा, “हमले के जिम्मेदार लोगों की तलाश में सारे संसाधन लगाए जाएंगे। दोषियों को अदालत के सामने पेश किया जाएगा।”

वहीं, व्हाइट हाउस ने इस जानलेवा गोलीबारी को ‘दुखद’ बताया है। उन्होंने इस दोहरे हमले की जांच में मदद करने का वादा किया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता बर्नाडेट मीहन ने कहा, “अमेरिका आज कोपेनहेगन में हुई इस दर्दनाक गोलीबारी की निंदा करता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493