ग्लासगो, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। जुआन मार्टिन डेल पोट्रो और गुइडो पेल्ला ने अपने-अपने एकल मुकाबले जीतकर डेविस कप विश्व ग्रुप सेमीफाइनल मुकाबले में ब्रिटेन के खिलाफ अर्जेटीना को 2-0 की बढ़त दिला दी है।
पोट्रो ने शीर्ष ब्रिटिश खिलाड़ी एंडी मरे को हराया, जबकि पेल्ला ने कायल एडमंड को हराकर अर्जेटीना को फाइनल के करीब पहुंचा दिया है।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, डेल पोट्रो के एकल मुकाबले में लौटने से अर्जेटीनी टीम को काफी मदद मिली। उन्होंने अमीरात अरेना में खेले गए पहले एकल मुकाबले में मरे को मात दी।
अर्जेटीनियाई खिलाड़ी ने मरे को कड़े मुकाबले में 6-4, 5-7, 6-7 (5-7), 6-3, 6-4 से मात दी। यह मैच पांच घंटे तक चला। डेविस कप के ट्विटर हैंडल के मुताबिक यह दोनों खिलाड़ियों के करियर का अब तक का सबसे लंबा मैच था।
पहला मैच शानदार होने के बाद दूसरा मुकाबला भी रोचक रहा। ब्रिटिश खिलाड़ी ने पहले सेट में अच्छी शुरुआत की लेकिन अर्जेटीना के खिलाड़ी ने पेल्ला ने अंतत: 6-7 (5-7), 6-4, 6-3, 6-2 से मैच अपने नाम किया।
अर्जेटीना 1981, 2006, 2008 और 2011 में डेविस कप के फाइनल में पहुंच चुकी है लेकिन एक भी बार खिताब हासिल नहीं कर सकी है।
dharmpath.com dharmpath