लॉस एंजेलिस, 5 जुलाई (आईएएनएस)। संगीत बैंड ‘डेस्टिनीज चाइल्ड’ की पूर्व सदस्य गायिका ला ताविया रॉबर्सन की हालत नाजुक है। गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं के कारण उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
वेबसाइट ‘एसशोबिज डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के मुताबिक, मनोरंजन वेबसाइट ‘द शेड रूम’ के अनुसार 34 वर्षीय गायिका को गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं के कारण सोमवार को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
खबरे हैं कि वह अपनी जिंदगी की लड़ाई लड़ रही हैं, लेकिन फिलहाल उनकी हालत कैसी है, यह पता नहीं चला है।
पहले ‘डेस्टिनीज चाइल्ड’ की सदस्य रहीं ला ताविया ने बैंड छोड़ने के बाद संगीतकार के रूप में काम करना जारी रखा था। वह रियेलिटी शो ‘आर एंड बी दिवाज : अटलांटा’ के दूसरे संस्करण में आई थीं।
उनकी एक बेटी लिरिक रिचर्ड है जो अगले महीने तीन साल की हो जाएगी। दो दिन पहले ही उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें वह पूल के किनारे बैठे हुए धूप का मजा लेती दिखाई दे रही हैं।
dharmpath.com dharmpath