लॉस एंजेलिस, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकप्रिय टीवी होस्ट जिमी किमेल ने टीवी शो ‘जिमी किमेल लाइव’ में अभिनेता मैट डैमन के साथ यूनाइटेड एयरलाइंस घटना पर चुटकी ली।
वेबसाइट ‘टाइम डॉट कॉम’ के मुताबिक, यूनाइटेड एयरलाइंस के कर्मचारियों द्वारा एक यात्री को जबरन विमान से उतारने का वीडियो वायरल होने के बाद किमेल ने मंगलवार रात को अपने शो में दर्शकों से कहा कि एयरलाइन ने अपने नए विज्ञापन के लिए एक सेलेब्रिटी प्रवक्ता को काम पर रख लिया है।
किमेल ने कहा कि यूनाइटेड एयरलाइंस इस सप्ताह स्पॉटलाइट में बने रहने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा, “एयरलाइन इस सप्ताह अपना नया विज्ञापन बना रही है और मुझे लगता है कि इसके लिए एक सेलेब्रिटी की आवाज की जरूरत है।”
इसके बाद डैमन ने इस विज्ञापन का वॉयस-ओवर किया।
डैमन ने कहा, “यूनाइटेड एयरलाइंस में आपका स्वागत है। हम आपको अपने गंतव्य पर सुरक्षित पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। अरे मैं ऐसा नहीं कर सकता क्योंकि मुझे धक्के देकर बाहर निकाला जा सकता है। मेरा विश्वास करें मुझे पिछले साल जिमी के शो से भी बाहर निकाला गया था।”
हालांकि, किमेल ने बीच में टोकते हुए कहा, “कुछ मामलों में कुछ लोगों को बाहर निकालने की जरूरत है।”
‘जिमी किमेल लाइव’ का प्रसारण भारत में स्टार वर्ल्ड पर होता है।
dharmpath.com dharmpath