मास्को, 25 जनवरी (आईएएनएस)। रूस की दो बार की ओलम्पिक विजेता महिला एथलीट येलेना इसिनबायेवा ने हाल ही में जर्मनी के एआरडी टीवी चैनल द्वारा दिखाई गई रूस के खिलाफ डोपिंग पर बनाई गई नए वृत्तचित्र फिल्म की कड़ी आलोचना की है।
उन्होंने साथ ही फिल्म में सामने आए डोपिंग के मामलों को उजागर करने वाले व्यक्तियों को भी आड़े हाथों लिया है।
समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, जर्मनी के एआरडी टीवी चैनल ने रविवार को रूस के ट्रैक एंड फील्ड खिलाड़ी आंद्रे दिमित्रेव और रूस में बड़े पैमाने पर चल रहे डोपिंग स्कैंडल को सामने लाने वाले पत्रकार हाजो सेप्पेलट का साक्षात्कार दिखाया था।
रूसी खिलाड़ी ने कहा है कि रूस के कोच खिलाड़ियों को प्रतिबंधित दवाओं के सेवन के लिए प्रोत्साहित करते रहते हैं।
रशियन डोपिंग रोधी एजेंसी (आरयूएसएडीए) की मुखिया इसिनबायेवा ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा है, “मेरा सवाल है कि खुफिया कैमरे पर सब कुछ रिकार्ड करने के बाद सारे व्हीसलब्लोअर अपनी रिकार्डिग को क्यों बेच देते हैं और न्याय करने वाली संस्थाओं के पास क्यों नहीं जाते हैं।”
उन्होंने लिखा है, “वह क्यों खेल मंत्रालय और डोपिंग रोधी एजेंसी के पास जाकर नियमों के उल्लंघन की शिकायत नहीं करते और क्यों हम पर बिना किसी सबूत के सामूहिक आरोप लगाए जाते हैं।”
उन्होंने लिखा है, “यह देखने वाली बात है कि हमारे देश को बदनाम करने और हमारे स्वच्छ छवि वाले खिलाड़ियों पर आरोप वो लोग लगाते हैं जो खेल में कुछ हासिल नहीं कर सके।”
dharmpath.com dharmpath