नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। खेल मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने भारतीय खिलाड़ियों को विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) द्वारा प्रतिबंधित पदार्थो के बारे में जागरूक करने के लिए एक मुहिम की शुरुआत करेगी।
मंत्रालय का यह कदम गुरुवार को आई वाडा की उस रिपोर्ट के बाद लिया गया है जिसमें भारत को डोपिंग कानूनों के उल्लंघन में विश्व में तीसरे नंबर पर बताया है। खेल मंत्रालय इस बात को लेकर आश्वस्त है कि निकट भविष्य में इस तरह के मामले कम होंगे।
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “खिलाड़ियों को इस बारे में जागरूक करने से इस तरह के मामलों में गिरावट देखी जाएगी। नाडा डोपिंग के दुष्प्रभावों की जानकारी खिलाडियों, कोचों और उनके सहयोगियों को विशेष सत्र, सेमीनार और कार्यशाला लगा कर देगा। साथ ही टूर्नामेंट से पहले और बाद में डोप टेस्ट भी करवाएगा।”
बयान में कहा गया है, “नाडा ने 2014 से प्रोग्राम फॉर एजूकेशन एंड अवयेरनेस ऑन एंटी-डोपिंग स्पोर्टस (पीईएडीएस) की शुरुआत की थी। जिसका उद्देश्य पूरे देश में डोपिंग से लड़ना था।”
मंत्रालय ने बताया है कि वह लोगों को इस मामले में जागरूक करने के लिए देशभर में केन्द्र स्थापित करेगा।
dharmpath.com dharmpath