टोक्यो/ढाका, 2 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका के एक रेस्तरां में शुक्रवार रात हुए हमले में बंधक बनाए गए एक जापानी नागरिक को मुक्त करा लिया गया है, जबकि सात अन्य जापानी नागरिक अब भी लापता हैं।
हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने ली है। आईएस के आठ से नौ हथियारबंद आतंकवादियों ने होली आर्टिजन बेकरी में हमला कर जिन 40 लोगों को बंधक बनाया था, उनमें से आठ जापानी नागरिक भी थे।
बांग्लादेश की सेना का कहना है कि उसने बंधक बनाए गए 40 में से 13 लोगों को बचा लिया, जिनमें एक जापानी और दो श्रीलंकाई नागरिक हैं।
समाचार पत्र ‘द जापान टाइम्स’ ने शनिवार को उप मुख्य कैबिनेट सचिव कोइची हागिउदा के हवाले से बताया कि इस कैफे में बंधक बनाए गए आठ में से सात नागरिकों से जापान संपर्क नहीं कर पा रहा है।
हागिउदा ने कहा कि इस हमले में बचाए गए एक जापानी नागरिक का ढाका के अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने अपनी बांग्लादेशी समकक्ष शेख हसीना से फोन पर बात की।
जापानी प्रसारक ‘एनएचके’ की रिपोर्ट के अनुसार, जिस रेस्तरां में बंदूकधारी आतंकवादी छिपे थे, वह ढाका में जापानी दूतावास के पास है।
दूतावास ने कहा है कि अक्टूबर 2015 तक की एक रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश में 906 जापानी नागरिक रह रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath