मुंबई, 23 फरवरी (आईएएनएस)। सुपरस्टार सलमान खान के साथ की गई फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखने वाली अभिनेत्री डेजी शाह ने दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम किया है।
डेजी का कहना है कि बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्म जगत में केवल एक अंतर है, तकनीक का।
साल 2014 में आई फिल्म ‘जय हो’ से करियर की शुरुआत करने वाली डेजी ने कहा कि दक्षिण भारतीय फिल्म जगत तकनीक से अधिक प्रभावित है।
दक्षिण भारतीय की कन्नड़ फिल्म ‘बॉडीगार्ड’ और ‘बच्चन’ में काम कर चुकीं डेजी ने आईएएनएस को दिए बयान में कहा, “सभी फिल्म जगत अपने तरीके से काम करते हैं। दक्षिण भारतीय फिल्मों के बारे में मुझे एक चीज समझ में आई है कि ये तकनीकी से अधिक प्रभावित हैं, वहीं बॉलीवुड कलात्मक चीजों से प्रभावित है।”
पिछली बार 2015 में आई फिल्म ‘हेट स्टोरी-3’ में नजर आईं अभिनेत्री डेजी को गोविंद सकारिया निर्देशित आगामी फिल्म ‘रामरतन’ में देखा जाएगा। इस फिल्म में ऋषि भूटानी भी मुख्य भूमिका में हैं।
dharmpath.com dharmpath