तरुण तहिलियानी के लिए कैटवॉक करेंगी पद्मा लक्ष्मी

मुंबई, 29 जनवरी (आईएएनएस)। टीवी होस्ट और पाककला के ऊपर किताब लिख चुकीं मशहूर सुपर मॉडल पद्मा लक्ष्मी लैक्मे फैशन वीक (एलएफडब्ल्यू) समर/रिसॉर्ट 2017 में दिग्गज डिजाइनर तरुण तहिलियानी के लिए शोस्टॉपर बनकर रैंप वॉक करेंगी। पद्मा यह अवसर मिलने पर बेहद उत्साहित हैं।

भारतीय मूल की पद्मा लक्ष्मी ने अपने बयान में कहा, ” मैं इस बात को लेकर बेहद उत्साहित हूं कि मैं अपने परम मित्र तरुण तहिलियानी के लिए रैंप पर चलूंगी। मैं लैक्मे फैशन वीक में पहले भी शामिल हो चुकी हूं, लेकिन मुझे रैंप वॉक कर इतनी खुशी कभी नहीं महसूस हुई और मैं इस शानदार कार्यक्रम का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रही हूं।”

वह मुगल गार्डन और उसकी स्थापत्य कला से प्रेरित संग्रह को पेश करने के लिए चार फरवरी को जियो गार्डन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शोस्टॉपर बनेंगी।

तहिलियानी का ‘चश्मे शाही’ परिधान संग्रह काल्पनिकता और रोमांस को दर्शाएगा।

डिजाइनर ने बताया कि ‘चश्मे शाही’ नवीनता, हल्केपन, सुरुचिपूर्ण, वसंत के फूलों वाले डिजाइन और चिकनकारी के काम से युक्त है। जीवन में परिवर्तन फैशन में परिवर्तन का वाहक होता है। पद्मा लक्ष्मी अपनी स्वतंत्र बुलंद आवाज के साथ आधुनिक भारत की दार्शनिकता को खूबसूरती से जीवंत करती हैं।

तहिलियानी के मुताबिक, “उनके (पद्मा लक्ष्मी) साथ दोबारा काम करना अद्भुत है क्योंकि वह पूरी तरह से तरुण तहिलियानी महिला छवि की प्रतीक हैं।”

लैक्मे फैशन वीक की टीम अंतर्राष्ट्रीय चेहरे को शोस्टॉपर के रूप में पाकर बेहद खुश है।

आईएमजी रिलायंस लिमिटेड के फैशन प्रमुख जसप्रीत चंडोक ने कहा कि वैश्विक स्तर पर छाप छोड़ने वाली पद्मा द्वारा लैक्मे फैशन वीक की शोभा बढ़ाना शानदार बात है।

इससे पहले रेंजो रोसो, बिभू मोहपात्रा, नेओमी कैंपबेल, मोनिका थॉमस जैसी सुपरमॉडल्स लैक्मे फैशन वीक का हिस्सा रह चुकी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493