ताइवान विमान हादसा : 24 मृतकों की पहचान हुई (लीड-1)

ताइपे, 5 फरवरी (आईएएनएस)। ताइवान में ट्रांसएशिया एयरवेज की विमान दुर्घटना में 31 लोगों की मौत हो चुकी है। इस हादसे में मारे गए लोगों में से अब तक 24 की पहचान हो पाई है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, विमान संख्या जीई-235 ताइपे से चीनी शहर किनमेन की उड़ान पर था, जिसमें चालक दल के पांच सदस्यों सहित 53 यात्री सवार थे। विमान उड़ान के 10 मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त होकर ताइपे में कीलुंग नदी में गिर गया था।

आधिकारिक रपटों के अनुसार, दुर्घटना में 31 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। वहीं 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

विमान पर सवार लोगों के अलावा एक टैक्सी में सवार एक महिला और उसका चालक भी घायल हुए हैं, अनियंत्रित होने के बाद विमान का एक पंख इसी टैक्सी से टकराया था।

मृतकों में 16 चीन के यात्री, पांच ताइवानी यात्री और विमान का चालक और दो सह-चालक शामिल हैं।

नावों और हेलीकॉप्टरों को दुर्घटनास्थल के साथ-साथ कीलुंग नदी और इसके किनारों की सफाई के काम में लगाया गया है।

विमान का अगला और पिछला हिस्सा पानी से बाहर निकाल लिया गया है। हवाई जहाज के ढांचे के कुछ हिस्से अभी भी जलमग्न हैं।

ताइवान विमानन सुरक्षा परिषद ने कहा कि उन्होंने दुर्घटना की जांच में भाग लेने के लिए चीन से दुर्घटना जांचकर्ताओं को बुलाया है।

विमान का निर्माण फ्रांस में हुआ है और इसका इंजन कनाडा में बना है। दोनों देशों से भी जांचकर्ताओं को बुलाया गया है।

ट्रांसएशिया ने दुर्घटना में घायल सभी लोगों को मुआवजे के तौर पर 200,000 न्यू ताइवान डॉलर देने का फैसला किया। विमान कंपनी टैक्सी सवार घायलों को भी मुआवजा देगी। साथ ही हादसे में मृतकों के परिवारों को 12 लाख न्यू ताइवान डॉलर की मुआवजा राशि दी जाएगी।

ट्रांसएशिया एयरवेज की स्थापना 1951 में हुई थी। ताइवान की यह पहली निजी विमान सेवा कम दूरी की उड़ानों का संचालन करती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493