तालिबान ने दुर्घटनाग्रस्त पाकिस्तानी हेलीकॉप्टर के चालक दल को रिहा किया

इस्लामाबाद, 13 अगस्त (आईएएनएस)। अफगान तालिबान ने एक पाकिस्तानी हेलीकॉप्टर के चालक दल को मुक्त कर दिया। यह हेलीकॉप्टर गत 4 अगस्त को अफगानिस्तान के लोगर प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह जानकारी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के अधिकारियों ने दी।

एक अंतर्राष्ट्रीय समाचार और प्रसारण संगठन रेडियो फ्री यूरोप के अनुसार, खुफिया अधिकारियों ने कहा कि अफगानिस्तान के तालिबान नियंत्रित जिले में आतंकियों द्वारा कब्जे में लिए गए छह पाकिस्तानी और एक रूसी चालक को शुक्रवार को पाकिस्तान के कुर्रम एजेंसी के प्राधिकारियों को सौंप दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि पंजाब सरकार का एमआई-17 हेलीकॉप्टर अफगानिस्तान में तब दुर्घटनाग्रस्त हो गया जब वह रखरखाव के लिए वाया उज्बेकिस्तान रूस जा रहा था।

दैनिक समाचारपत्र डॉन की वेबसाइट के अनुसार, पाकिस्तानी अधिकारियों ने इस खबर की पुष्टि नहीं की है।

रूसी और पाकिस्तानी दोनों सरकारें चालक दल के सदस्यों को मुक्त कराने के लिए प्रयास कर रहे थे। इन लोगों को मुक्त कराने के लिए अफगानिस्तान सरकार ने भी अभियान शुरू किया था।

विदेश मंत्रालय ने इस सप्ताह के शुरू में कहा था कि इलाके के जनजातीय नेताओं की मदद से अफगानिस्तान सरकार चालक दल के सदस्यों को छुड़ाने की कोशिश कर रही थी।

दुर्घटना के बाद पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल राहिल शरीफ ने अफगानिस्तान में दृढ़ समर्थन मिशन के कमांडर जनरल निकोल्सन को फोन किया और चालक दल के सदस्यों को छुड़ाने में मदद करने को कहा।

जनरल शरीफ ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी से भी चालक दल के सदस्यों की सही सलामत वापसी के लिए मदद की गुहार लगाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493