ताहिर राज भसीन छवि में बांधे जाने से नहीं डरते

नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। फिल्म ‘मर्दानी’ के बाद अभिनेता ताहिर राज भसीन ‘फोर्स 2’ में एक बार फिर नकारात्मक भूमिका में नजर आएंगे। उनका कहना है कि वह किसी छवि में बांधे जाने से नहीं डरते और किसी विशेष शैली में ढलने के लिए दो फिल्में बहुत कम समय है।

ताहिर ने 2014 की क्राइम थ्रिलर ‘मर्दानी’ से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की। इसमें उन्होंने करण रस्तोगी वॉल्ट नामक खलनायक की भूमिका निभाई थी।

यह पूछे जाने पर कि वह किसी छवि में बांधे जाने से डरते हैं? इस पर ताहिर ने आईएएनएस से कहा, “नहीं, बिल्कुल नहीं। वैसे किसी अभिनेता को किसी विशेष छवि में बांधने के लिए दो फिल्में बहुत कम हैं। जब आप फिल्म (‘फोर्स 2’) देखेंगे, तो आपको लगेगा कि दोनों अलग-अलग भूमिकाएं हैं।”

अभिनय देव द्वारा निर्देशित फिल्म ‘फोर्स 2’ में जॉन अब्राहम और सोनाक्षी सिन्हा भी हैं। वहीं 29 वर्षीय अभिनेता ने कहा कि फिल्म में उनका नकारात्मक किरदार इसे और भी रोचक बनाता है।

ताहिर ने कहा, “एक कलाकार के रूप में दर्शकों के लिए हैरान कर देने वाली बात यह है कि वह पहले जैसा सोच कर जाएं और यह पूरी तरह अलग निकले। इसलिए मैं इसके (‘फोर्स 2’) लिए उत्साहित हूं।”

अभिनेता ने यह भी कहा कि उन्हें खलनायक की भूमिका के साथ करियर की शुरुआत करने में कोई डर नहीं था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493