बीजिंग, 30 जून (आईएएनएस)। तिब्बत स्थित माउंट एवरेस्ट का आधार शिविर एक जुलाई को पर्वतारोहियों के लिए फिर से खोल दिया जाएगा।
माउंट एवरेस्ट का आधार शिविर 25 अप्रैल को नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप के बाद सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया था। रिक्टर स्केल पर 7.9 तीव्रता वाले भूकंप में एवरेस्ट के नेपाल के तरफ वाले हिस्से में कई पर्वतारोहियों और मार्गदशकों की जान गई थी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पर्यटन विभाग के एक प्रवक्ता ने तिब्बत स्थित माउंट एवरेस्ट के आधार शिविर को एक जुलाई को पर्वतारोहियों के लिए फिर से खोले जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधार शिविर तक जाने वाली सड़क समय-समय पर यातायात नियंत्रण के अधीन होगी।
समुद्र तल से 5,200 मीटर ऊंचाई पर स्थित आधार शिविर में 2014 में 59,100 सैलानी पहुंचे थे।
बीते 25 अप्रैल को नेपाल में आए 7.9 तीव्रता वाले विनाशकारी भूकंप और उसके बाद 12 मई को आए 7.3 तीव्रता वाले भूकंप में नौ हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 21,000 से ज्यादा लोग घायल हुए।
भूकंप के कारण माउंट एवरेस्ट में हुए हिमस्खलन की घटना में तिब्बत में 20 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद आधार शिविर बंद कर दिया गया था।
dharmpath.com dharmpath