तीरंदाजी : भारतीय महिला रिकर्व टीम की ओलम्पिक में जगह पक्की

कोपेनहेगन, 28 जुलाई (आईएएनएस)। भारत की महिला तीरंदाजी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को विश्व चैम्पियनशिप में अपना मुकाबला जीतकर न सिर्फ अगले चरण में प्रवेश कर लिया, बल्कि रियो ओलम्पिक-2016 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

व्यक्तिगत प्रतियोगिता में विश्व की पूर्व सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी दीपिका कुमारी आठवें स्थान पर रहीं।

वहीं पुरुष रिकर्व टीम हालांकि इटली से टाइ ब्रेकर में हार गई और रियो ओलम्पिक में जगह बनाने से चूक गई।

दीपिका कुमारी, लक्ष्मी रानी मांझी और रिमिल बुरुले वाली भारतीय टीम एक समय जर्मनी से 1-3 से पीछे चल रही थी, लेकिन जबरदस्त वापसी करते हुए भारतीय महिला तीरंदाजों ने अंतत: 5-3 से जीत हासिल की।

विश्व चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर चुकी भारतीय टीम को अब कोलंबिया का सामना करना होगा।

पुरुष टीम में शामिल जयंत तालुकदार, राहुल बनर्जी और मंगल सिंह चंपिया ने हालांकि दूसरी वरीय इटली के खिलाफ 4-2 की बढ़त लेने के बाद टाई ब्रेकर में मैच 26-29 से गंवा दिया।

तीनों तीरंदाजों ने हालांकि व्यक्तिगत स्पर्धाओं में रियो ओलम्पिक में प्रवेश सुनिश्चित कर ली।

पुरुषों की कम्पाउंड टीम क्वालीफिकेशन दौर में तीसरे स्थान पर रही। इस टीम ने कुल 2050 अंक प्राप्त किए।

अभिषेक वर्मा (697), रजत चौहान (678) और कवल प्रीत सिंह (675) के योगदान की बदौलत भारत ने सम्मानजनक स्थान हासिल किया।

महिला कम्पाउंड टीम में शामिल पुर्वषा शिंदे (678), वी. ज्योति सुरेखा (663) और पी. लिलि चानू (663) ने छठा स्थान हासिल किया। भारतीय महिलाओं ने कुल 2004 अंक जुटाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493