अंकारा, 16 जुलाई (आईएएनएस)। तुर्की में तख्तापलट के समर्थक और इस्तांबुल के बोसफोरस पुल पर एक टैंक से पुलिस और नागरिकों पर गोलियां बरसाने वाले सैनिकों ने शनिवार को समर्पण कर दिया।
सीएनएन तुर्क की रपट के मुताबिक, कुल 50 सैनिकों ने अपने टैंकों को छोड़कर और हाथ ऊपर कर समर्पण कर दिया।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात पुल पर शुरू हुई गोलाबारी में तीन नागरिक घायल हो गए। यह पुल तुर्की को एशिया से जोड़ता है।
बंधक बनाए गए सशस्त्रबल के प्रमुख, जनरल हुलुसी अकर को रिहा करा लिया गया है।
हुर्रियत डेली के मुताबिक, जिस हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल तुर्की के सैटेलाइट संचालक, तुर्कसैट की इमारत को बम से उड़ाने में इस्तेमाल किया गया था, उसे अंकारा के गलबासी जिले में मार गिराया गया।
समाचार एजेंसी ‘अनादोलु’ के मुताबिक, तुर्की के पुलिस प्रमुख ने कहा है कि अर्धसैन्य मुख्यालयों में हुई झड़पों में तख्तापलट की साजिश करने वाले 16 विद्रोहियों को मार गिराया गया है और 250 को हिरासत में ले लिया गया है।
अंकारा में राष्ट्रपति कार्यालय में घुस आए 13 सैनिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
dharmpath.com dharmpath