तुर्की ने रूसी विमान को मार गिराया (राउंडअप)

अंकारा, 24 नवंबर (आईएएनएस)। तुर्की के लड़ाकू विमानों ने सीरिया सीमा के पास मंगलवार को रूस के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया। मीडिया रपटों में कहा गया है कि रूसी विमान के दो पायलटों में से एक की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य को पकड़ लिया गया है।

तुर्की के सरकारी समाचार पत्र ‘हुर्रियत डेली न्यूज’ की रपट के मुताबिक, दो एफ-16 तुर्की विमानों ने रूसी विमान को नियमानुसार 10 बार चेतावनी दी। इस पर कोई ध्यान नहीं दिए जाने पर रूसी विमान को मार गिराया गया।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने इस दावे को खारिज किया है कि उसके विमान ने तुर्की की हवाई सीमा का अतिक्रमण किया था।

यह लड़ाकू विमान सीरिया सीमा के पास लताकिया के यमाड़ी गांव में गिरा, जहां इस समय तुर्कमेनी लोग रह रहे हैं। यहां प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो पायलटों को पैराशूट की मदद से नीचे उतरते देखा गया।

तुर्कमेनी बलों का कहना है कि एक पायलट मारा गया है और एक को उन्होंने पकड़ लिया है।

वीडियो फूटेज में दिख रहा है कि विमान लताकिया प्रांत के पहाड़ों में गिरा।

तुर्की की सेना ने रूसी विमान के राडार पर मिले संकेतों का विश्लेषण जारी किया है। इसमें दिखाया गया है कि उत्तरी सीरिया पर चक्कर काटने के बाद रूसी विमान तुर्की के हातेय प्रांत की हवाईसीमा में घुस आया।

लेकिन, रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसके विमान ने तुर्की की हवाई सीमा का उल्लंघन नहीं किया था।

बीबीसी की रपट के मुताबिक, रूस के रक्षा मंत्रालय ने जोर देकर कहा है कि “पूरी उड़ान के दौरान विमान लगातार सीरिया की हवाई सीमा में था। निगरानी डाटा इसे दिखा रहा है।”

तुर्की नाटो का सदस्य है, जिसमें किसी एक सदस्य पर हमले को सभी पर हमला माना जाता है।

नाटो के एक अधिकारी ने सीएनएन से मंगलवार को कहा कि घटनाक्रम पर बराबर नजर है। उन्होंने कहा कि तुर्की के अधिकारियों से संपर्क बना हुआ है और इंतजार किया जा रहा है कि हालात कौन-सा करवट लेते हैं।

तुर्की ने इसके पहले सीरिया और रूस को अपनी हवाई सीमा के उल्लंघन के प्रति चेताया था।

बीते महीने तुर्की ने कहा था कि उसके विमानों ने अपनी हवाई सीमा में रूस के विमान को बीच में पकड़ा था।

तुर्की के विदेश मंत्रालय ने रूस के राजदूत को बीते हफ्ते तलब कर चेतावनी दी थी कि अगर रूसी वायुसेना ने लताकिया प्रांत में “तुर्कमेनी नागरिकों के गांवों” पर बमबारी को तुरंत नहीं रोका तो इसके गंभीर नतीजे होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493