तूफान ‘इरमा’ से 9 की मौत (लीड-1)

वाशिंगटन, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। कई कैरीबियाई द्वीपों पर तूफान ‘इरमा’ से अब तक कुल नौ लोगों की मौत हो गई है। यह तूफान इस सप्ताह अमेरिका के फ्लोरिडा में दस्तक देने वाला है।

सीएनएन ने गुरुवार को बताया कि तूफान ने बरबूडा, सेंट मार्टिन और ब्रिटिश वर्जिन द्वीपों सहित कई द्वीपों पर दस्तक दी। इससे पेड़ जड़ से उखड़ गए, इमारतों की छतें एवं खिड़कियां टूट गईं और तेज बारिश के साथ पौन तीन सौ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक से हवा चली।

इरमा से सेंट मार्टिप द्वीप पर छह और सेंट बार्ट्स द्वीप पर दो लोगों की मौत हुई है। यह जानकारी फ्रांस के अधिकारियों ने दी है। इन द्वीपों की व्यवस्था फ्रांस संभालता है। अधिकारियों ने बताया कि बरबूडा में तूफान में एक शिशु की भी मौत हुई है।

अमेरिका के फ्लोरिडा में तूफान ‘इरमा’ के दस्तक देने से पहले बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है।

तूफान ‘इरमा’ पांचवी श्रेणी का तूफान है। यह इस सप्ताह फ्लोरिडा में दस्तक दे सकता है। राष्ट्रीय तूफान केंद्र ने इरमा को बेहद खतरनाक करार दिया है।

फ्लोरिडा की मियामी-डेड काउंटी ने 12 वर्षो में पहली बार गुरुवार सुबह सात बजे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के आदेश जारी किए।

फ्लोरिडा की मोनरो काउंटी ने बुधवार शाम को सभी स्थानीय निवासियों, सभी यात्रियों, गैर स्थानीय लोगों, पर्यटकों से सुरक्षित स्थान पर चले जाने को कहा।

फ्लोरिडा के गवर्नर रिक स्कॉट ने राष्ट्रपति ट्रंप से सोमवार रात को बात कर राज्य में ‘तूफान के दस्तक देने से पूर्व’ के आपातकाल के ऐलान का आग्रह किया ताकि संघीय सरकार से महत्वपूर्ण संसाधन और सहयोग उपलब्ध हो सके।

जॉर्जिया के गवर्नर नाथन डील और दक्षिण कैरोलिना के गवर्नर हेनरी मैक्मास्टर ने बुधवार दोपहर को इन क्षेत्रों में आपातकाल घोषित किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493