तेंदुलकर, गांगुली, लक्ष्मण बीसीसीआई सलाहकार समिति में (लीड-1)

मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। पूर्व क्रिकेट सितारे सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वी.वी.एस. लक्ष्मण को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की क्रिकेट सलाहकार समिति में सोमवार को शामिल किया गया।

बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने ट्विटर पर इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने ट्वीट किया, “दिन की अच्छी शुरुआत! किक्रेट हस्तियों- सचिन, वीवीएसलक्ष्मण और सौरव गांगुली के साथ फोन पर बात हुई, ये सभी बीसीसीआई क्रिकेट सलाहकार समिति से जुड़ेंगे।”

ठाकुर ने लिखा, “मैं सचिन, सौरव गांगुली, वीवीएसलक्ष्मण के बीसीसीआई से जुड़ने पर उनका स्वागत करता हूं। आपके दिशानिर्देशन और सहयोग को लेकर गौरवान्वित हूं। हम एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं।”

इससे पहले बीसीसीआई ने 26 अप्रैल को कहा था “समिति के सदस्य क्रिकेट में आचार एवं खेल के विकास पर अपनी-अपनी सिफारिशें देंगे।”

हालांकि अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि इन दिग्गज खेल सितारों की समिति में क्या भूमिका होगी।

गांगुली के भारतीय टीम का उच्च गुणवत्ता प्रबंधक बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं और अब यह देखना मजेदार होगा कि यह भूमिका किसे सौंपी जाती है।

भारतीय टीम के लिए 1989 से 2013 के बीच खेल चुके तीनों दिग्गजों से सलाहकार समिति में चुने जाने के बाद कोच के चयन एवं क्रिकेट के विकास से जुड़े अन्य मुद्दों पर अपने-अपने विचार व्यक्त करने की उम्मीद है।

रोचक बात यह है कि डंकन फ्लेचर के जाने के बाद बांग्लादेश दौरे से पहले भारतीय टीम के कोच पद की नियुक्ति अभी होनी है और सलाहकार समिति में राहुल द्रविड़ की अनुपस्थिति ने नई अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।

तीनों दिग्गजों के सलाहकार समिति में शामिल किए जाने को हालांकि अनेक लोगों ने सही कदम बताया है, खासकर तब जब भारतीय टेस्ट टीम की कमान युवा विराट कोहली के हाथों में आ गई है।

क्रिकेट विशेषज्ञ एवं कमेंटेटर हर्षा भोगले ने ट्वीट किया, “सचिन, गांगुली और लक्ष्मण का बीसीसीआई की सलाहकार समिति में शामिल होना अच्छी बात है। उन्हें विशेष भूमिकाओं में देखने का इंतजार है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493