हैदराबाद, 23 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने मंगलवार को 17 निवेशकों को परमिट पत्र प्रदान किए। इन निवेशकों ने राज्य में नया उद्योग लगाने अथवा पुराने उद्योग का विस्तार करने से संबंधित आवेदन किए थे और राज्य की नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद 10 दिन के भीतर उन आवेदनों को स्वीकृति मिल गई।
मुख्यमंत्री ने 17 कंपनियों के प्रतिनिधियों को परमिट पत्र प्रदान किए, जो कुल 1,500 करोड़ रुपये निवेश करेंगे।
नौ कंपनियां नई इकाई स्थापित करेंगी, जबकि आठ कंपनियां पुरानी इकाइयों का ही विस्तार करेंगी।
सबसे बड़ा निवेश आईटीसी लिमिटेड 774 करोड़ रुपये का करेगी। वह एक खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करेगी।
भावना सोलर (67.5 करोड़ रुपये), प्रीमियर फोटोवोल्टेइक (61 करोड़ रुपये), उशास वेंचर्स (60.34 करोड़ रुपये) और वल्यू लैब्स (56.17 करोड़ रुपये) बिजली उत्पादन इकाइयां स्थापित करेंगी। डोडला डेयरी लिमिटेड अपनी इकाई स्थापित करने में 50 करोड़ रुपये लगाएगी।
नीति में 14 दिन की सीमा की जगह सरकार ने ये स्वीकृतियां 10 दिनों में दी हैं।
नई नीति के 12 जून को लागू होने के बाद यह पहले कुछ निवेश हैं।
इस नीति को लागू करने के बाद तेलंगाना निवेशकों को एक तय सीमा में मंजूरी पाने का अधिकार देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
तेलंगाना औद्योगिक परियोजना मंजूरी एवं स्व-प्रमाणन प्रणाली के तहत 200 करोड़ रुपये से अधिक परियोजनाओं को 14 दिनों में मंजूरी दे दी जाएगी, जबकि अन्य परियोजनाओं को यह अधिकतम एक महीने में मिल जाएगी।
dharmpath.com dharmpath