इस्लामाबाद, 12 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में ईरान के राजदूत मेहदी होनरदोस्त ने कहा है कि तेहरान ने कथित भारतीय जासूस कुलभूषण यादव को राजनयिक मदद प्रदान करने के लिए इस्लामाबाद से कभी नहीं कहा।
इटली के दूतावास में गुरुवार को एक समारोह के दौरान होनरदोस्त ने मुद्दे पर अपने देश का रुख स्पष्ट किया और कहा कि ईरान का जाधव से कोई लेना-देना नहीं है और उसने भारतीय नागरिक को राजनयिक मदद प्रदान करने की पाकिस्तान से न तो मांग की है और न अपील की है।
समाचार पत्र नेशन के मुताबिक, होनरदोस्त ने कहा कि समाचारों में किए जा रहे इस तरह के दावे बेबुनियाद तथा निराधार हैं और तेहरान तथा इस्लामाबाद के संबंधों को नुकसान पहुंचाने का एक अभियान है।
इससे पहले, विदेश मामलों की सचिव तहमीना जांजुआ ने कहा था कि उन्हें जाधव को राजनयिक मदद मुहैया कराने के लिए ईरान की तरफ से कोई अनुरोध नहीं मिला है।
उन्होंने कहा, “ईरान क्यों कुलभूषण जाधव को राजनयिक मदद मुहैया कराने की मांग करेगा, यह उसका मामला थोड़े ही है।”
उल्लेखनीय है कि इस सप्ताह के प्रारंभ में नीदरलैंड के हेग स्थित अंतर्राष्ट्रीय अदालत (आईसीजे) ने पाकिस्तान के सैन्य अदालत द्वारा कुलभूषण जाधव को दी गई मौत की सजा को निलंबित कर दी थी।
इस्लामाबाद ने हालांकि कहा कि नई दिल्ली का अंतर्राष्ट्रीय अदालत का रुख करना ‘पाकिस्तान में भारत प्रायोजित आतंकवाद’ से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास है और वह मामले में आईसीजे के अधिकार का विश्लेषण कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath