थाईलैंड गोल्फ चैम्पियनशिप में संयुक्त 12वें रहे भुल्लर, चिक्का

चोनबुरी (थाईलैंड), 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ खिलाड़ी गगनजीत भुल्लर और एस. चिक्का ने गुरुवार को 10 लाख डॉलर इनामी थाईलैंड गोल्फ चैम्पियनशिप के पहले राउंड के बाद संयुक्त रूप से 12वां स्थान हासिल किया।

भुल्लर और चिक्का ने समान रूप से तीन अंडर 69 का स्कोर किया और शीर्ष पर रहे वेल्स के जेमी डोनाल्ड से छह शॉट पीछे रहे।

डोनाल्ड ने नौ अंडर 63 का स्कोर करते हुए बढ़त हासिल कर ली है।

भुल्लर ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले तीन होल पर तीन बर्डी लगाए। छठे होल पर भी वह बर्डी हासिल करने में सफल रहे, लेकिन सातवें होल पर वह डबल बोगी लगा बैठे। इसके बाद भुल्लर ने नौवें और 12वें होल पर दो और बर्डी लगाए, लेकिन 14वें होल पर वह फिर से शॉट चूक गए।

वहीं चिक्का की शुरुआत तो औसत रही, लेकिन मध्यांतर के बाद चिक्का ने चार बर्डी लगाकर अच्छी वापसी की।

भारत के ही राशिद खान और शुभंकर शर्मा ने 70 का समान स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से 23वां स्थान हासिल किया, जबकि शिव कपूर उनसे एक शॉट पीछ रहे और 34वां स्थान हासिल किया।

एस. एस. पी. चौरसिया पार 72 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 49वें स्थान पर रहे, जबकि अनुभवी ज्योति रंधावा और अर्जुन अटवाल एक ओवर 73 का स्कोर ही कर सके और संयुक्त रूप से 62वें स्थान पर रहे।

हिम्मत राय ने 75 का स्कोर किया और संयुक्त रूप से 99वें स्थान पर रहे, जबकि जीव मिल्खा सिंह 78 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 121वां स्थान हासिल कर सके।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493