थाईलैंड ने मर्स से मुकाबले के लिए प्रयास तेज किए

बैंकाक, 22 जून (आईएएनएस)। थाईलैंड ने सितंबर महीने में होने वाली हज यात्रा को देखते हुए मिडल ईस्ट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (मर्स) वायरस से मुकाबले के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

समाचार पत्र ‘बैंकाक पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, थाईलैंड के विदेश मंत्रालय ने बताया कि मलेशिया से लगते देश के तीनों सीमा नाकों पर मर्स संक्रमितों की पहचान के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है और बैंकाक के सुवर्णभूमि हवाईअड्डे पर एक और थर्मल स्कैनर लगाया गया है।

हवाईअड्डे पर थर्मल स्कैनर मर्स संक्रमित देशों से आने वाले यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए आगमन फाटकों पर लगाए गए हैं। आव्रजन ब्यूरो ने हवाईअड्डे के विभिन्न हिस्सों में संक्रमित देशों से आने वाले यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए विशेष व्यवस्था की है।

थाईलैंड में ओमन के 75 वर्षीय वृद्ध के मर्स से संक्रमित होने का मामला सबसे पहले सामने आया था। मरीज का उपचार चल रहा है और उसकी हालत अभी स्थिर है।

थाईलैंड के धार्मिक मामलों के विभाग के मुताबिक, देश से 10,400 नागरिक हज यात्रा पर जाने वाले हैं। हज यात्री अगस्त महीने से के लिए रियाद रवाना होंगे और अक्टूबर महीने में वापस आएंगे।

लोक स्वास्थ्य मंत्रालय के कार्यवाहक स्थाई सचिव सुराशेट सतीतरमई ने कहा कि मुसलमानों को हज यात्रा पर जाने से रोका नहीं जाएगा। हालांकि यात्रा से लौटने पर उन्हें 14 दिनों से लेकर एक महीने तक निगरानी में रखा जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493