थाईलैंड में राजा की मौत के बावजूद चुनाव तय समय पर

बैंकाक, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। थाईलैंड के राजा भूमिबोल अतुल्यतेज की मौत के बावजूद सैन्य जुंटा ने अगले वर्ष के उत्तरार्ध में आम चुनाव कराने का इरादा जाहिर किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी एफे द्वारा सोमवार को जारी रपट के अनुसार, सरकार के प्रवक्ता सानसेम कावकामनार्ड ने कहा है कि राजा की मौत के बाद पिछले हफ्ते सरकारी शोक घोषित किया गया था। इससे सरकार की सामान्य गतिविधियों में कोई बदलाव नहीं होगा और न ही यह देश के व्यापार एवं निवेश को प्रभावित करेगा।

कई सरकारी एजेंसियों के साथ बैठक के बाद प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री प्रयुत चान-ओचा “अगला आम चुनाव कराने की अपनी योजना पर अटल हैं।”

सानसेन के अनुसार, “प्रधानमंत्री ने शोक के बावजूद सभी सरकारी एजेंसियों को जारी एक संदेश में कहा है कि वे अपने दायित्व का निर्वाह करना नहीं भूलें। हम शोकाकुल हो सकते हैं, लेकिन हम देश के लिए अपना प्यार खोना नहीं सहन कर सकते।”

अधिकारियों ने 70 साल के शासन के बाद परलोक सिधारे राजा भूमिबोल के लिए एक वर्ष सरकारी शोक की घोषणा की है।

रेस्तरां और बार सहित मनोरंजन पर कम से कम एक माह के लिए रोक लग सकती है, जबकि अधिकांश संगीत कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।

उनके उत्तराधिकारी प्रिंस वाजिरालोंगकर्न ने अपनी ताजपोशी तब तक रोकने को कहा है, जब तक शोक की अवधि समाप्त नहीं हो जाती। हालांकि इसकी घोषणा पहले की जा सकती है।

वर्तमान कानून के मुताबिक, राजा की सलाहकार परिषद (प्रिवी काउंसिल) के अध्यक्ष प्रेम तिनसुलानंदा बादशाह के रूप में काम करेंगे।

राजा की मौत के दो दिन पहले 11 अक्टूबर को सरकार को नए संविधान का अंतिम मसौदा मिला। इसकी स्वीकृति अगस्त में ही जनमत संग्रह में मिल गई थी। नया संविधान लागू होने से पहले उस पर शासक का हस्ताक्षर होना अनिवार्य है।

थाईलैंड में मई 2014 में तख्तापलट के बाद से ही सेना का शासन है। उसने कहा है कि देश में लोकतंत्र बहाल करने के लिए चुनाव से पहले नए संविधान की स्वीकृति लेने की जरूरत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493