थोडी, सौम्या, रावत और कौर को राष्ट्रमंडल, एशियाई खेलों का टिकट

नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। बेबी सौम्या और इरफान कोलोथुन थोडी ने राजधानी दिल्ली में रविवार को आयोजित हुए पांचवें राष्ट्रीय पैदलचाल चैम्पियनशिप में जीत हासिल कर राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

सौम्या ने महिला वर्ग में पहला स्थान हासिल करने के साथ ही 20 किलोमीटर पैदल चाल चैम्पियनशिप में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है।

महिला वर्ग में तिरुवनंतपुरम की निवासी सौम्या ने एक घंटे 31 मिनट और 28.72 सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया और पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड (एक घंटा 31 मिनट और 40 सेकेंड) भी तोड़ा। यह रिकॉर्ड खुशबीर कौर ने बनाया था। कौर ने भी तय समय से कम में रेस पूरी की।

24 वर्षीया खुशबीर ने एक घंटे, 32 मिनट 16.96 सेकेंड का समय लेते हुए दूसरा और हरियाणा की करमजीत कौर ने एक घंटे, 34 मिनट और 08.60 का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।

महिलाओं के लिए राष्ट्रमंडल खेलों में क्वालीफाई करने की समयसीमा एक घंटे 35 मिनट और एशियाई खेलों में क्वालीफाई करने के लिए की समयसीमा एक घंटे 34 मिनट और 54 सेकेंड रखी गई थी।

पुरुष वर्ग में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक थोडी ने एक घंटे 21 मिनट और 31.25 सेकेंड में पैदलचाल प्रतियोगिता पूरी कर पहला स्थान हासिल किया।

उत्तराखंड के निवासी मनीष रावत ने एक घंटे 21 मिनट और 31.72 का समय लेकर दूसरा स्थान और हरियाणा के नीरज ने एक घंटे 21 मिनट और 39.20 का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।

पुरुष एथलीटों के लिए राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में क्वालीफाई करने के लिए समयसीमा एक घंटा और 22 मिनट रखी गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493