जकार्ता, 28 जुलाई (आईएएनएस)। अगले माह मलेशिया में होने वाले दक्षिणपूर्व एशियाई खेलों में इंडोनेशिया अपने छह निशानेबाजों को भेजेगा। इंडोनेशिया संघ ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इंडोनेशिया टीम के प्रमुख मार्सोनो ने कहा कि उनके निशानेबाज 10 मीटर पिस्टल, 10 मीटर एयर पिस्टल, 10 मीटर एयर राइफल, 50 मीटर पिस्टल, 50 मीटर राइफल और 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्रीय प्रतियोगिता में वियतनाम के निशानेबाज उनके निशानेबाजों के लिए कड़े प्रतिद्वंद्वी साबित हो सकते हैं।
मार्सोनो ने कहा, “हमने उन्हें कड़ा अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया है। हमारे छह निशानेबाज इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।”
दक्षिणपूर्व एशियाई खेलों में निशानेबाजी स्पर्धा 21 से 26 अगस्त तक मलेशिया के सेलानगोर में होंगी। इंडोनेशिया शूटिंग एंड हंटिंग एसोसिएशन ने यह जानकारी दी।
dharmpath.com dharmpath