शिलांग, 16 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय महिला मुक्केबाजों-एम.सी मैरी कॉम, लेशराम सरिता देवी और पूजा रानी ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों में सोमवार को तीन स्वर्ण पदक हासिल किए।
इसके साथ ही भारत के यहां मुक्केबाजी में 10 स्वर्ण पदक हो गए हैं। पुरुष मुक्केबाजों ने भी सोमवार को सात स्वर्ण भारत की झोली में डाले। भारत ने मुक्केबाजी के सभी स्वर्ण अपने नाम किए।
भारत की स्टार महिला मुक्केबाज मैरी कॉम ने श्रीलंका की अनुशा कोडिटुवाक्कु दिलरुकसी को फ्लाईवेट श्रेणी में 90 सेकेंड से कम चले बाउट में टेक्निकल नॉकआउट में हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
अनुशा को पहले बाउट में दाहिने पैर के घुटने में चोट लग गई थी। कुछ देर बाद हालांकि उन्होंने वापसी की लेकिन मैरी कॉम ने उन्हें जल्द ही शिकस्त दी।
बाउट के बाद श्रीलंका के अधिकारी ने कहा, “अनुशा को दाहिने पैर के घुटने में चोट लगी है। उन्हें इससे उबरने में दो-तीन महीने लगेंगे।”
दूसरी भारतीय मुक्केबाज सरिता देवी ने भी श्रीलंका की विदुशिका प्रबाधि को लाइटवेड श्रेणी में हराया। भारतीय मुक्केबाज ने मैच 3-0 से जीत पदक अपने नाम किया।
वहीं, पूर्व राष्ट्रीय चैम्पियन पूजा रानी ने श्रीलंका की ही निलंथनी अन्द्राविर को मिडलवेट श्रेणी में हराकर जीत हासिल की।
dharmpath.com dharmpath