गुवाहाटी, 13 दिसम्बर (आईएएनएस)। मेघालय और असम की संयुक्त मेजबानी में होने वाले दक्षिण एशियाई खेलों के 12वें संस्करण के शुभंकर ‘तिखोर’ (एक सींग वाला गैंडा) का केंद्रीय खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई और मेघालय के खेल मंत्री जेनिथ संगमा की उपस्थिति में अनावरण कर दिया गया।
गुवाहाटी और शिलांग की संयुक्त मेजबानी में अगले वर्ष छह से 16 फरवरी के बीच दक्षिण एशियाई खेलों के 12वें संस्करण का आयोजन होगा।
कोल्हापुर के आनंद खासबरदार और राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईएफटी), पटना के अभिजीत कृष्ण के डिजाइन को दक्षिण एशियाई खेलों के 12वें संस्करण के क्रमश: शुभंकर और लोगो के लिए चुना गया।
खेल मंत्रालय के मुताबिक, शुभंकर और लोगो के लिए शुरू की गई प्रतियोगिता में आई 450 प्रविष्टियों में से उनके डिजाइनों ने बाजी मारी।
पारंपरिक खेल पोशाक पहने शुभंकर तिखोर को विभिन्न खेलों को खेलते प्रस्तुत किया गया है। शुभंकर को प्रेरक, मित्र और क्षेत्रीय खेल प्रेमियों के अनुकूल बनाया गया है।
असम एक सींग वाले दुर्लभ गैंडे के लिए विश्वविख्यात है, जिसके संरक्षण के लिए राज्य में काजीरंगा नेशनल पार्क की स्थापना की गई है।
अनावरण के बाद शुभंकर को बाइक सवारों के एक समूह ने पूरे शहर में घुमाया।
लोगो की बात करें तो इसमें आठ पंखुड़ियां हैं, जो 12वें दक्षिण एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले आठ देशों को दर्शाती हैं। ये पंखुड़ियां घड़ी की सुई की दिशा में घूमती हैं, जो सकारात्मक दिशा में प्रगति का रूपक है।
साथ ही इसे ऐसी संरचना प्रदान की गई है जिससे यह विजेता को पहनाए जाने वाले ताज जैसा दिखता है।
dharmpath.com dharmpath