शिलांग, 11 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल की महिला फुटबाल टीम ने यहां जारी 12वें दक्षिण एशियाई खेलों के सातवें दिन गुरुवार को फाइनल में प्रवेश कर लिया।
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में मौजूदा चैम्पियन भारत के साथ गोलरहित ड्रॉ खेला और ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई।
नेपाल अंक तालिका में सात अंकों के साथ पहले स्थान पर है। भारत को अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल है।
नेपाल के साथ हुए मैच में भारत की कोशिश तीन अंक हासिल करने की थी लेकिन उसे एक अंक से ही संतोष करना पड़ा।
भारत को मैच के 38वें मिनट में जोरदार झटका लगा जब श्रीलंका के खिलाफ मैच की हीरो रहीं ग्रेस डांगेमेई चोटिल हो गईं। उनकी जगह आईं बाला देवी ने हालांकि अच्छा प्रदर्शन किया।
नेपाल की खिलाड़ियों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए गोल करने की काफी कोशिशें की लेकिन भारतीय गोलकीपर अदिती चौहान ने उनके मंसूबों पर अपने शानदार खेल से पानी फेर दिया।
मैच के 20वें मिनट में सबित्रा भंडारी ने गेंद को गोलपोस्ट में डालने की कोशिश की लेकिन अदिती ने शानदार बचाव किया और गेंद को रोक लिया।
मध्यांतर के तीन मिनट बाद नेपाल ने फिर से दमदार हमला किया लेकिन एक बार फिर अदिती अभेद्य ढाल बनकर सामने आ गईं।
भारत को गोल करने का मौका 52वें मिनट में मिला। बाला देवी ने शानदार शॉट खेला लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट से ऊपर चला गया।
मैच के बाद टीम के कोच साजिद यूसुफ धर ने कहा, “हमारे लिए यह मैच दुर्भाग्यपूर्ण रहा। फाइनल में पहुंचने के लिए हमें अब बांग्लादेश के खिलाफ होने वाला अगला मैच हर हाल में जीतना होगा।”
धर ने कहा, “हम कई मौकों पर गोल कर सकते थे लेकिन नेपाल की रक्षापंक्ति ने अच्छा खेल दिखाया।”
नेपाल के कोच ध्रुव बहादुर ने कहा कि उनकी टीम ने दूसरे हाफ में रक्षात्मक रवैया अपनाया जिसके कारण उन्हें अंक मिले और वह फाइनल में जगह बना पाने में कामयाब रही।
उन्होंने कहा, “भारतीय टीम ने अच्छा खेल खेला। यह हमारा पहला ड्रॉ मैच है। हम फाइनल में पहुंच कर खुश हैं।”
dharmpath.com dharmpath