दक्षिण एशिया खेल : भारतीय निशानेबाजों ने कायम रखा दबदबा

गुवाहाटी, 11 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए यहां जारी 12वें दक्षिण एशियाई खेलों के सातवें दिन गुरुवार को हुए पांचों फाइनल में स्वर्ण पदक हासिल किया।

टीम स्पर्धा में गगन नारांग के साथ चैन सिंह और सुरेंद्र सिंह राठौड ने 50 मीटर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया।

ओलम्पिक पदक विजेता गगन को हालांकि एकल मुकाबलों में चैन सिंह से हार झेलनी पड़ी और रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। फाइनल में चैन सिंह ने 204.6 का स्कोर कर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि गगन 203.7 का स्कोर कर सके। पाकिस्तान के उमर सिद्दिकी ने 182.2 का स्कोर कर कांस्य पदक हासिल किया।

50 मीटर राइफल प्रोन टीम स्पर्धा में गगन, चैन सिंह और राठौड ने 1871.5 का संयुक्त स्कोर कर स्वर्ण पदक हासिल किया। पाकिस्तान की टीम ने 1838.2 का स्कोर कर रजत पदक पर कब्जा जमाया। श्रीलंका ने 1825.7 के स्कोर के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

भारत को तीसरा स्वर्ण अनुभवी समरेश जंग ने दिलाया। उन्होंने सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में 580 का स्कोर कर स्वर्ण पदक हासिल किया। स्पर्धा का रजत और कांस्य दोनों भारत के ही नाम रहे। पेम्बा तमांग ने रजत और विजय कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया।

दिन की आखिरी स्पर्धा महिलाओं की 50 मीटर राइफल प्रोन में भी भारत को स्वर्ण पदक हाथ लगा। कुहेलि गांगुली, लज्जा गोस्वामी और अनुजा जंग की महिला टीम ने 1835.6 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया।

पाकिस्तान की टीम ने 1805.4 का स्कोर कर रजत पदक हासिल किया। श्रीलंका की टीम को 1801.8 के स्कोर के साथ कांस्य पदक हासिल हुआ।

कुहेली ने इसी स्पर्धा के एकल मुकाबले में भी भारत को स्वर्ण दिलाया। उन्होंने 619.9 का स्कोर किया। इस स्पर्धा में भी तीनों पदक भारत की झोली में आए। लज्जा ने 608.2 के स्कोर के साथ रजत पदक पर कब्जा किया तो वहीं अनुजा ने 607.5 का स्कोर कर कांस्य पदक हासिल किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493