सियोल, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण कोरियाई अभियोजकों ने शनिवार को देश की अपदस्थ राष्ट्रपति पार्क ग्यून-हे से भ्रष्टाचार के आरोपों में फिर पूछताछ की।
समाचार एजेंसी योनहप के मुताबिक, अभियोजकों ने उइवांग स्थित जेल में पार्क से पूछताछ की, जहां संवैधानिक अदालत द्वारा उनके महाभियोग को मंजूर किए जाने के बाद उन्हें हिरासत में रखा गया है।
पार्क से मंगलवार को करीब 11 घंटे पूछताछ की गई थी, जिसमें उन्होंने किसी भी अपराध से इंकार किया था। उसके दो दिन बाद उनसे फिर पूछताछ की गई।
पार्क पर दक्षिण कोरिया की कंपनी सैमसंग से संबंधित रिश्वत मामले में उनकी पुरानी मित्र चोई सून सिल के साथ संलिप्तता का आरोप है।
पहले की तरह ही शनिवार को भी पूछताछ के दौरान वकील यू येओंग-हा उनके साथ थे।
पार्क पर स्थानीय कंपनियों पर चोई की दो लाभकारी संस्थाओं को दसियों अरब डॉलर की राशि दान में देने का दबाव डालने के मामले में भी चोई का साथ देने का आरोप है।
सियोल की अदालत ने आगे की पूछताछ के लिए पार्क की हिरासत को 19 अप्रैल तक बढ़ाने का अभियोजकों का आग्रह स्वीकार कर लिया है।
न्याय मंत्रालय ने अभियोजकों के आग्रह पर चोई को किसी अन्य जेल में स्थानांतरित कर दिया है। पार्क और चोई को पहले एक ही जेल में रखा गया था।
सूत्रों के मुताबिक, इसी बीच अभियोजक असैन्य मामलों के पार्क के पूर्व वरिष्ठ सचिव वू ब्यूंग-वू की गिरफ्तारी का वारंट जारी किए जाने की मांग पर विचार कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath