सियोल, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया व अमेरिका की नौसेनाओं ने कोरियाई प्रायद्वीप के दक्षिणी तट पर 11 दिवसीय संयुक्त नौसेना अभ्यास सोमवार को शुरू कर दिया।
दक्षिण कोरियाई नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि 21 अप्रैल तक चलने वाले इस अभ्यास का उद्देश्य तलाशी व बचाव कार्यो की संयुक्त तैयारियों के साथ ही पनडुब्बी मिशनों में सुधार लाना है।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, अमेरिकी नौसेना मॉक तलाशी व बचाव अभियान में 3,300 टन वजनी बचाव जहाज यूएसएनएस सेफगार्ड के साथ ही 15 गोताखोरों को उतारेगी।
वहीं, दक्षिण कोरिया ने अभ्यास के लिए एक बचाव दल के 12 विशेषज्ञों सहित 3,500 टन वजनी तोंगयेओंग बचाव जहाज को उतारा है।
संयुक्त नौसैनिक बलों के सदस्य शांति तथा युद्ध के दौरान बचाव अभियान के लिए समन्वय में सुधार को लेकर गहरे समुद्र में गोताखोरी व पनडुब्बी अभ्यास करेंगे।
यह अभ्यास फोल ईगल का हिस्सा है, जो मार्च में शुरू हुआ था।
इस साल सालाना दक्षिण कोरिया-अमेरिका फोल ईगल तथा की रिजॉल्व संयुक्त अभ्यास में अमेरिका के 17 हजार सैनिक, जबकि दक्षिण कोरिया के तीन लाख सैनिक शामिल हुए। यह अब तक का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास है।
इन सैन्य अभ्यास को उत्तर कोरिया ने खतरा बताते हुए इसके विरोध में हालिया हफ्तों में कम दूरी व मध्यम दूरी की मिसाइलों का परीक्षण किया है।
प्योंगयांग द्वारा जनवरी में चार परमाणु परीक्षणों तथा बाद में बैलिस्टिक मिसाइल प्रौद्योगिकी के साथ एक लंबी दूरी के रॉकेट प्रक्षेपण के बाद से ही कोरिया प्रायद्वीप में तनाव चरम पर है।
dharmpath.com dharmpath