सियोल, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री ह्वांग क्यो-आह्न ने मिड्ल ईस्ट रेस्पिरेट्री सिंड्रोम (एमईआरएस) के संभावित मरीजों का पता लगाने के लिए कड़ी निगरानी का गुरुवार को आह्वान किया।
ह्वांग ने महत्वपूर्ण हवाईअड्डों पर बुखार तथा एमईआरएस के अन्य लक्षणों की जांच के लिए यात्रियों की कड़ी जांच करने का आग्रह करते हुए कहा, “सऊदी अरब में आयोजित धार्मिक समारोहों के मद्देनजर, भारी संख्या में दक्षिण कोरिया के लोगों द्वारा वहां का दौरा करने की उम्मीद है।”
समाचार एजेंसी योनहाप की एक रपट के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका में एमईआरएस से 36 लोगों की मौत हो चुकी है, जो सऊदी अरब के बाहर दूसरा सबसे बड़ा संक्रमण है।
20 मई को पहला मामला सामने आने के दो महीने बाद 28 जुलाई को दक्षिण कोरिया ने देश में एमईआरएस प्रकोप के खात्मे की घोषणा की थी।
एमईआरएस एक विषाणु जनित रोग है, जिसका वर्तमान में कोई इलाज नहीं है और मानव के मामले में यह एक नया संक्रमण है। इस बीमारी के मामले में मृत्यु दर वैश्विक तौर पर लगभग 26 फीसदी है।
वहीं, दक्षिण कोरिया में इस बीमारी के मामले में मृत्यु दर 19.4 फीसदी है।
dharmpath.com dharmpath