दक्षिण कोरिया ने अंतर-कोरियाई औद्योगिक परिसर का बिजली-पानी रोका (लीड-1)

सियोल, 12 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की सरकार ने केईसोंग औद्योगिक परिसर की बिजली-पानी की आपूर्ति बंद कर दी है। यह फैक्टरी पार्क उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया मिलकर चला रहे थे, जो दोनों देशों की सीमा पर स्थित है। शुक्रवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात 11.53 बजे बिजली की आपूर्ति रोक दी गई। इससे परिसर में पानी की आपूर्ति भी अपने आप रुक गई।

बुधवार को दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया द्वारा लंबी दूरी के मिसाइल परीक्षण करने के बाद इस औद्योगिक परिसर को बंद करने का फैसला किया था, जिसके जबाव में उत्तर कोरिया ने इस परिसर के सभी सामान जब्त कर यहां से सभी दक्षिण कोरियाई नागरिकों को बाहर निकाल दिया।

शुक्रवार को दक्षिण कोरियाई कंपनियों के समूह ने कहा कि वे इस औद्योगिक परिसर को बंद करने के सरकार के फैसले के साथ हैं, चाहे उन्हें कितना ही नुकसान क्यों न उठाना पड़े।

इस अंतर कोरियाई उद्यम के अंतर्गत 124 दक्षिण कोरियाई कंपनियां संचालित हो रही थीं, जिसमें काम करने वाले मजदूर उत्तर कोरिया के थे। उनका कहना है कि इससे न सिर्फ उनको वित्तीय नुकसान होगा, बल्कि उनकी साख को भी झटका लगेगा।

ये फैक्ट्रियां विदेशी मुद्रा की कमी से जूझ रहे उत्तर कोरिया के लिए आय का प्रमुख साधन थीं, जबकि दक्षिण कोरिया को यहां सस्ते और कुशल उत्तर कोरियाई मजदूर मिलने का फायदा होता था।

जब वर्ष 2013 में इस औद्योगिक परिसर को 160 दिनों के लिए बंद किया गया था, तो दक्षिण कोरियाई कंपनियों ने संयुक्त रूप से 87 करोड़ डॉलर नुकसान की जानकारी दी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493