सियोल, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण कोरियाई अभियोजन पक्ष ने मंगलवार को पूर्व राष्ट्रपति पार्क ग्युन-हे की गिरफ्तारी के बाद उनसे पहली बार पूछताछ की।
पूर्व राष्ट्रपति को बीते सप्ताह भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था।
अभियोजन पक्ष ने कहा कि सियोल के दक्षिण उइवैंग के एक हिरासत केंद्र में उनसे पूछताछ की गई।
समाचार एजेंसी योनहप की रपट के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पार्क के कानूनी प्रतिनिधि योओ येओंग हा उनके साथ थे।
अभियोजन पक्ष ने मूलरूप से अपने कार्यालय में उनसे पूछताछ की योजना बनाई थी, लेकिन उनके वकील ने सुरक्षा संबंधी कारणों से हिरासत केंद्र में ही पूछताछ करने का आग्रह किया।
अभियोजन पक्ष ने पार्क से बीते महीने लंबी पूछताछ की थी और उन्हें 31 मार्च को रिश्वतखोरी, सत्ता का दुरुपयोग, दबाव बनाने और सरकारी गोपनीयता सार्वजनिक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
पार्क पर उनकी करीबी दोस्त चोई सून सिल के साथ दक्षिण कोरिया के सबसे बड़े व्यापार समूह सैमसंग से जुड़े रिश्वतखोरी मामले में संलिप्तता का आरोप है।
dharmpath.com dharmpath