सियोल, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाए जाने की संभावना के बीच दक्षिण कोरिया की कंपनियों के बीच कारोबारी माहौल निराशाजनक है। यह बात सोमवार को जारी एक सर्वेक्षण में सामने आई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने कोरिया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा करीब 2,300 विनिर्माण कंपनियों के बीच किए गए एक सर्वेक्षण के हवाले से कहा कि चौथी तिमाही में बिजनेस सेंटिमेंट इंडेक्स (बीएसआई) तीसरी तिमाही के मुकाबले एक अंक नीचे गिर कर 87 पर आ गया।
सूचकांक के 100 से नीचे रहने का मतलब यह है कि व्यापारिक माहौल के प्रति निराशाजनक सोच रखने वालों की संख्या आशावादियों से अधिक है।
सूचकांक दूसरी तिमाही में 97 पर था, जो जून और जुलाई में मिड्ल ईस्ट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (मर्स) के प्रसार और घरेलू मांग घटने से तीसरी तिमाही में गिरकर 88 पर आ गया था।
अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की संभावना के बीच चौथी तिमाही में माहौल में निराशा देखी जा रही है।
क्षेत्रवार जेजू द्वीप में स्थिति आशापूर्ण है, क्योंकि मर्स का प्रसार घटने के बाद चीन के पर्यटक वहां पहुंचने लगे हैं।
चौथी तिमाही में जेजू द्वीप के लिए बीएसआई 90 से बढ़कर 132 पर पहुंच गया।
निर्यात क्षेत्र के लिए बीएसआई दो अंक गिरकर 89 पर आ गया। घरेलू बाजार के लिए कारोबार करने वाली कंपनियों के लिए सूचकांक 87 पर बरकरार रहा।
dharmpath.com dharmpath