दक्षेस में नई जान फूंकने की जरूरत : नेपाल

काठमांडू, 15 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ग्यावली ने बुधवार को दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) में नई जान फूंकने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय समृद्धि के लिए दक्षेस में नई स्फूर्ति लाने की जरूरत है।

राजधानी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्यावली ने इस बात की उम्मीद जताई कि दक्षिण एशियाई क्षेत्र की समृद्धि में दक्षेस केंद्रीय भूमिका निभा सकता है।

समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ ने उनके उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा, “दक्षिण एशिया में शांति, स्थायित्व और समृद्धि हमारे हित में है। सामूहिक मंच के रूप में दक्षेस क्षेत्र में समृद्धि लाने में केंद्रीय भूमिका निभा सकता है। हमें इसे एक ऐसा संगठन बनाना चाहिए, जो मूर्त परिणाम दे।”

ग्यावली ने कहा,”गहन समेकन के बिना हमें क्षेत्रीय सहयोग के परिणाम नहीं मिल सकते हैं।”

नेपाल के विदेश मंत्री ने कहा कि मूर्त नतीजे हासिल करने के लिए दक्षेस के सदस्यों को व्यापार, निवेश, पर्यटन और संपर्क के महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर ध्यान देना चाहिए।

ग्यावली ने दक्षिण एशियाई देशों के राजनयिकों की मौजूदगी में कहा, “नेपाल ने हमेशा दक्षेस के चार्टर में सन्निहित उद्देश्यों को समझने में सक्रियता दिखाई है और मौजूदा दक्षेस अध्यक्ष सदस्य देशों के साथ एकजुटता, सहयोग और साझेदारी के लिए निकट संपर्क में रहकर काम करता रहा है।”

दक्षेस की स्थापना 1985 में हुई थी और वर्तमान में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका इसके सदस्य हैं। दक्षेस की अध्यक्षता वर्तमान में नेपाल के पास है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493