कोलकाता, 29 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश अंडर-19 क्रिकेट टीम पर त्रिकोणीय श्रृंखला में भारत को खिताबी जीत दिलाने वाले युवा बल्लेबाज सरफराज खान ने रविवार को कहा कि उन्होंने दबाव से निकलने के लिए यह धुरंधर पारी खेली।
सरफराज ने 27 गेंदों में 59 रनों की तेज पारी खेलते हुए भारत को रविवार को जादवपुर विश्वविद्यालय मैदान पर हुए त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल मैच में 219 गेंद शेष रहते सात विकेट से जीत दिला दी।
बांग्लादेश से मिले मात्र 117 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सरफराज ने कप्तान रिकी भुई (नाबाद 20) के साथ चौथे विकेट के लिए मात्र सात ओवरों में नाबाद 75 रन जोड़ डाले और भारत को जीत दिला दी।
सरफराज ने अपनी इस पारी में नौ चौके और तीन छक्के लगाए।
मैच के बाद सरफराज ने कहा, “पिछले तीन मैचों में मैं अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका था। इसलिए दबाव से बाहर निकलने के लिए मैंने आक्रामक रुख अपनाया। जैसा की कहा गया है, आक्रमण ही बचाव का सबसे अच्छा उपाय है तो मैंने वैसा ही किया।”
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर का हिस्सा रहे सरफराज ने कहा, “जब मैं बल्लेबाजी करने उतरा तो गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आ रही थी, इसलिए मैंने खुलकर शॉट खेलना शुरू किया। “
अंडर-19 टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के बारे में सरफराज ने कहा, “उन्होंने (राहुल) मुझे अपना स्वाभाविक खेल खेलने की सलाह दी और मैं ऐसा ही करने की कोशिश कर रहा हूं। वह (राहुल) एक माहन खिलाड़ी हैं। हमें अभी भी विश्वास नहीं हो रहा कि वह हमारे कोच हैं। हम टीवी पर उन्हें अब तक खेलते देखते रहे हैं और अब वह हमारे कोच हैं, तो विश्वास ही नहीं होता।”
सरफराज ने कहा, “उनकी (राहुल) की सबसे अच्छी बात यह है कि वह हमेशा बहुत ही सहज बने रहते हैं। किसी मैच के ठीक बाद वह बैठक नहीं करते, बल्कि वह एक दिन बाद हमसे उस मैच पर बात करते हैं। इससे हमें अपने विचार रखने का पूरा समय मिल जाता है।”
dharmpath.com dharmpath