मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। मशहूर फोटोग्राफर और फिल्म निर्माता अतुल कासबेकर अपने होम प्रोडक्शन की फिल्म ‘तुम्हारी सुलू’ की रिलीज को लेकर उत्साहित हैं। फिल्म में विद्या बालन एक मध्य आयु वर्ग की गृहिणी के किरदार में हैं। अतुल का कहना है कि आधुनिक भारतीय सिनेमा में हीरो की छवि बदल गई है।
अतुल के होम प्रोडक्शन में बनी पहली फिल्म ‘नीरजा’ की सफलता के बाद बतौर निर्माता उनकी दूसरी फिल्म भी एक महिला की कहानी को दर्शाती है। इस फिल्म में नायिका की आयु का प्रतिनिधित्व अलग है।
कासबेकर से पूछा गया कि उन्हें रचनात्मक छलांग लगाने के लिए कौन-सी चीज प्रेरित करती है? उन्होंने आईएएनएस से कहा, “दर्शकों के दिमाग में नायक की छवि बदल गई है, चाहे वह ‘दंगल’ हो, जहां आमिर खान अधिक वजन और भूरे बालों वाले किरदार में हैं। वहीं ‘नीरजा’ में सोनम कपूर ने लोगों के सामने नायक की परिभाषा बदली है।”
कासबेकर ने कहा कि शुक्रवार को ‘तुम्हारी सुलू’ रिलीज हो रही है, जो एक पति-पत्नी की प्रेम कहानी में एक पुरानी दुनिया का आकर्षण प्रदान करती है।
dharmpath.com dharmpath