दिल्लीः सत्य निकेतन मार्केट में पांच मंज़िला इमारत गिरने से दो लोगों की मौत

नई दिल्ली-सत्य निकेतन मार्केट इलाक़े में रविवार दोपहर एक पांच मंज़िला इमारत ढह गई, जिसमें पीजी हॉस्टल चल रहा था और स्टूडेंट रह रहे थे. इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है.

एम्स के मीडिया सेल इंचार्ज डॉ. प्रोफ़ेसर रीमा दादा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि ट्रॉमा सेंटर में सात लोगों को लाया गया था, जिनमें दो को मृत घोषित किया गया है.

हादसा मोती बाग़-2 स्थित शिव मंदिर के पास हुआ. इस दुर्घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर बताया है कि “स्थानीय पूछताछ से पता चला कि यह 40-50 साल पुरानी इमारत थी, जिसमें एक बेसमेंट और पांच ऊपरी मंजिलें थीं. इसका इस्तेमाल पीजी हॉस्टल के तौर पर किया जा रहा था. घटना के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था.”

दिल्ली सरकार की ओर से सेंट्रलाइज़्ड एक्सिडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज़ (कैट्स) के नोडल अधिकारी बलराज सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि पांच लोगों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है.

घटनास्थल पर पहुंचे बीजेपी विधायक अनिल शर्मा ने बताया, “कुछ स्टूडेंट अंदर से फ़ोन भी कर रहे हैं और लगता है कि अभी भी कुछ और लोग अंदर फंसे हुए हैं.”

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “यह बेहद दुखद घटना है. स्टूडेंट अलग-अलग जगहों से यहां पढ़ने आते हैं और इस इमारत में पीजी में रहते हैं. इमारत गिर गई है. यह बताना मुश्किल है कि अंदर पांच, दस या बीस स्टूडेंट हैं, लेकिन इतना तय है कि स्टूडेंट अंदर फंसे हुए हैं. बचाव अभियान जारी है.”समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, दिल्ली अग्निशमन विभाग को दोपहर करीब 1.30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली, सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया.

फ़िलहाल मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है.

हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसकी अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, दमकल विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पांच दमकल गाड़ियों और पुलिस की टीमों को मौके पर भेजा गया है और बचाव अभियान जारी है.

About Dharm Path

Leave a Reply


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493