नई दिल्ली, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। अजिंक्य रहाणे के करियर के पांचवें शतक और रविचंद्रन अश्विन के संघर्षपूर्ण अर्धशतक की बदौलत भारतीय टीम ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर जारी चौथे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को अपनी पहली पारी में सभी विकेट गंवाकर 334 रन बनाए।
भारत ने 117.5 ओवरों का सामना किया और 2.85 के औसत से रन बटोरे। भारतीय पारी चायकाल के ठीक बाद समाप्त हुई। भोजनकाल तक भारत ने आठ विकेट पर 326 रन बनाए थे। भोजनकाल के बाद केल एबॉट ने लगातार दो गेंदों पर अश्विन (56) और इशांत शर्मा (0) को चलता किया। उमेश यादव 10 रनों पर नाबाद लौटे।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से केल एबॉट ने पांच सफलता हासिल की। डेन पीड को चार सफलता मिली। एक विकेट इमरान ताहिर ने लिया। एबॉट ने दूसरे दिन गिले तीन में दो विकेट लिए।
भोजनकाल तक अश्विन 53 और यादव पांच रनों पर नाबाद लौटे थे। अपने करियर का छठा अर्धशतक लगाने वाले अश्विन ने 140 गेंदों का सामना कर छह चौके और एक छक्का लगाया। वह उमेश के साथ नौवें विकेट के लिए 38 रन जोड़ने में सफल रहे।
भारत के 300 रन 105.5 ओवरों में पूरे हुए। भारत ने दूसरे दिन पहले सत्र में 29 ओवरों का सामना कर 95 रन बनाए और एक विकेट गंवाया। दूसरे सत्र में उसने 4.5 ओवरों का सामना कर आठ रनों पर दो विकेट गंवाए। भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक सात विकेट पर 231 रन बनाए थे।
पहले दिन स्टम्प्स तक रहाणे 89 और अश्विन 6 रनों पर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन दोनो ने 98 रनों की साझेदारी निभाई। यह इस सीरीज की अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है।
इसी साझेदारी के दौरान रहाणे ने देश में अपना पहला और करियर का पांचवां शतक पूरा किया। रहाणे ने अब तक भारत में सात पारियां खेली हैं। बीती छह पारियों में उनका सर्वोच्च योग 15 रन था।
रहाणे ने 180 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। उनका विकेट 296 के कुल योग पर गिरा। 215 गेंदों का सामना कर 11 चौके और चार छक्के लगाने वाले रहाणे को इमरान ताहिर ने आउट किया।
dharmpath.com dharmpath