नोट : थोड़ा वक्त लेकर इस खबर को चला दें।
नोट : थोड़ा वक्त लेकर इस खबर को चला दें।
जयंत के. सिंह
नई दिल्ली, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत में अपना पहला अर्धशतक लगाने वाले मध्य क्रम के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (नाबाद 89) की संघर्षपूर्ण पारी की मदद से भारत ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के साथ शुरू हुए चौथे टेस्ट मैच में पहले दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में सात विकेट पर 231 रन बनाकर संतोषजनक स्थिति हासिल कर ली है।
रहाणे ने अपने करियर का आठवां लगाते हुए भारत को मजबूती प्रदान की। रहाणे ने अपनी 155 गेंदों की पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। रहाणे ने विराट कोहली (44) के साथ चौथे विकेट के लिए 70, रवींद्र जडेजा (24) के साथ सातवें विकेट के लिए 59 और रवीचंद्रन अश्विन (नाबाद 6) के साथ आठवें विकेट के लिए 33 रनों की नाबाद साझेदारी की।
भारतीय पारी के 30वें ओवर में क्रिज पर पहुंचे रहाणे ने अपने साथियों की उलट जिम्मेदारी भरी पारी खेली और टीम को पहले दिन ही ऑलआउट होने से बचा लिया। एक समय भारत ने 136 रनो पर छह विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद रहाणे ने जडेजा और फिर अश्विन के साथ मिलकर हालात से लड़ाई की और टीम को अच्छे स्कोर की ओर से अग्रसर किया।
खराब रोशनी के कारण कोटला में 84 ओवरों का ही खेल हो सका। भारत ने 2.75 के औसत से रन बटोरे। यह इस सीरीज का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले भारत ने नागपुर में 215 रन बनाए थे, जो उसका तथा दक्षिण अफ्रीकी टीम की ओर से पारी का सबसे बड़ा स्कोर था।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से इस सीरीज में अपना पहला मैच खेल रहे ऑफ ब्रेक गेंदबाज डेन पीड ने चार सफलता हासिल की है जबकि केल एबॉट को तीन विकेट मिले हैं। नागपुर में पांच विकेट लेने वाले इमरान ताहिर इस पारी में अब तक सिर्फ सात ओवर डाल सके हैं। ताहिर ने अब तक निराशाजनक प्रदर्शन किया है।
भारत ने टास जीतकर धीमी शुरुआत की। शिखर धवन (33) और मुरली विजय (12) काफी सुस्त नजर आए। यही कारण था कि भारतीय पारी के 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर पहला चौका लगा। तमाम सावधानी के बावजूद विजय 30 के कुल योग पर पीड की गेंद पर स्लिप में हाशिम अमला के हाथों लपके गए।
विजय ने 59 गेंदों का सामना कर 12 रन बनाए। 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर विजय दूसरे स्लिप में लपक लिए गए थे लेकिन उनका सौभाग्य था कि केल एबॉट की वह गेंद नो बॉल करार दी गई। उस समय विजय 10 रनों पर खेल रहे थे।
इसके बाद चेतेश्वर पुजारा (14) और धवन ने दूसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े। धवन का विकेट भोजनकाल के ठीक बाद 62 के कुल योग पर गिरा। धवन ने 85 गेंदों पर चार चौके लगाए।
कुल योग में अभी चार रन ही जुड़े थे कि पुजारा भी चलते बने। पुजारा 37 गेंदों का सामना कर एक चौका और एक छक्का लगाया।
पुजारा की विदाई के बाद कप्तान के तौर पर दिल्ली में अपना पहला टेस्ट खेल रहे कोहली ने रहाणे के साथ 70 रनों की साझेदारी निभाई। कोहली 62 गेंदों पर सात चौके लगाने के बाद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से कैच आउट हुए।
कोहली का विकेट 136 के कुल योग पर गिरा। उनका स्थान लाने आए रोहित ने एक बार फिर निराश किया। रोहित 138 के कुल योग पर पीड की गेंद पर इमरान ताहिर के हाथों लपके गए। रिद्धिमान साहा (1) का विकेट 139 के कुल योग पर गिरा।
साहा का विकेट गिरने के बाद जडेजा और रहाणे ने 59 रनों की अहम साझेदारी निभाई। जडेजा 198 के कुल योग पर आउट हुए। जडेजा की 59 गेंदों की पारी में तीन चौके शामिल हैं।
इससे पहले, चार मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुके भारत ने एक परिवर्तन के साथ मैदान में उतरने का फैसला किया। अमित मिश्रा के स्थान पर उमेश यादव को मौका दिया गया।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने तीन बदलाव किए। स्टीयान वान जिल, कागिसो राबाडा और साइमन हार्मर को बाहर रखा गया जबकि उनकी जगह तेम्बा बायूमा, डेन पीड और केल एबॉट को मौका मिला।
dharmpath.com dharmpath