नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली फुटबाल टीम के पूर्व कप्तान और राष्ट्रीय रेफरी सैयद नासिर हसन का लंबी बिमारी के कारण निधन हो गया।
दिल्ली फुटबाल संघ (डीएसए) ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। हसन 73 साल के थे।
हसन को सोमवार सुबह दफनाया गया। इस दौरान कई पूर्व और वर्तमान फुटबाल खिलाड़ी शामिल रहे और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके साथ ही हसन के अंतिम संस्कार में अखिल भारतीय फुटबाल संघ (एआईएफएफ) के अधिकारियों के साथ-साथ डीएसए के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा और प्रबंधक समिति के सदस्य शामिल थे। सभी ने हसन के निधन पर शोक जताया।
फुटबाल जगत में 60 के दशक में करियर की शुरुआत करने वाले हसन ने एंग्लो अरेबिक स्कूल से पढ़ाई की और दिल्ली कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की।
वह अपनी टीम के दिग्गज डिफेंडरों में से एक थे और उन्होंने 1973 में संतोष ट्रॉफी टूर्नामेंट में दिल्ली की वरिष्ठ टीम का प्रतिनिधित्व किया था।
dharmpath.com dharmpath