दिल्ली में जागरण फिल्मोत्सव का सफल समापन

नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। विश्व सिनेमा की विविधताओं को समेटकर उसे समाज से जोड़ने के प्रयास के तहत यहां आयोजित जागरण फिल्म समारोह के सातवें संस्करण का समापन मंगलवार रात सिरीफोर्ट ऑडिटोरियम में हुआ।

हिंदी सिनेमा के साथ-साथ क्षेत्रीय, अंतर्राष्ट्रीय और लघु सिनेमा के प्रति दर्शकों का खासा रुझान इस वर्ष इस फिल्मोत्सव की विशेषता रही। आम दर्शकों के साथ-साथ समारोह में आए सितारों ने भी जागरण के इस कार्य को सराहा।

फिल्मोत्सव का समापन रोमानिया की फिल्म ‘सियेरानेवाडा’ के साथ हुआ। यह फिल्म इस वर्ष कान्स फिल्मोत्सव की मुख्य प्रतियोगिता में शामिल थी।

समापन समारोह के दौरान निर्माता आनंद राय, अभिनेत्री तापसी पन्नू, नितिन चंद्रा, क्रांति प्रकाश झा और साब्यसाची मोहपात्रा ने विभिन्न सत्रों में शिरकत की और दर्शकों से रूबरू हुए।

पांच दिवसीय फिल्म समारोह की शुरुआत रंगारंग कार्यक्रम के बीच केतन मेहता की फिल्म ‘टोबा टेक सिंह’ और पाकिस्तानी निर्देशक सबीहा समर की फिल्म ‘छोटे शाह’ से हुई थी, जिसके बाद से पांचों ही दिन विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत एक से बढ़कर एक फिल्में प्रदर्शित की गईं।

सितारों की मौजूदगी ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया और उनके साथ फिल्मों के दौरान बातचीत करना भी एक मजेदार व रोचक अनुभव था।

इस समारोह में शिरकत करने वाली हस्तियों में नसीरूद्दीन शाह, सुधीर मिश्रा, केतन मेहता, सबीहा समर, सोमनाथ सेन, मनोज बाजपेयी, राजकुमार राव, रजित कपूर, आनंद एल. राय, तापसी पन्नू, तनुजा चंद्रा, बांग्ला फिल्म निर्देशक अरुण रॉय आदि शामिल रहे।

बेहरतीन फिल्मों के माध्यम से दिल्लीवासियों को सप्ताह भर अभिभूत करने के बाद यह फिल्मोत्सव अब उत्तर प्रदेश की राह पकड़ेगा और लखनऊ व कानपुर से होते हुए इलाहाबाद, बनारस, आगरा, मेरठ व देश अन्य शहरों की यात्रा करेगा। इस फिल्मोत्सव का समापन मुंबई में होना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493