नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। एक अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को 100 से ज्यादा चोरी व लूट की वारदात में शामिल होने के आरोप में यहां गिरफ्तार किया गया। इन वारादत में दिल्ली और पड़ोसी क्षेत्रों से पशुओं की चोरियां भी शामिल हैं। सोमवार को पुलिस ने यह जानकारी दी।
गिरफ्तार गिए गए आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय लक्ष्मण, 27 वर्षीय कमरु, 25 वर्षीय आबिद, 23 वर्षीय राशिद अली और 21 वर्षीय शहजाज के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं। ये हमेशा अपने पास मास्टर चाबियां और घरों के तालों को तोड़ने के उपकरण रखते थे।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मधुर वर्मा ने कहा, “सभी पांचों को 100 से ज्यादा लूट की घटनाओं के अलावा दिल्ली और एनसीआर में पशु और वाहन की चोरी में शामिल पाया गया है। उनको शनिवार की रात वजीराबाद सड़क से गिरफ्तार किया गया।”
गिरोह के सदस्यों ने पूछताछ में बताया कि वे शाम के समय पशुओं को चुराने का काम करते थे और इनको वध के लिए उत्तर प्रदेश में अपने सहयोगियों को सौंपते थे।
गिरोह के पास से चार तमंचे और चोरी की दो टाटा-407 वैन को जब्त किया गया है।
dharmpath.com dharmpath