दुबई, 25 मई (आईएएनएस)। ‘जिंदगी न मिलेगी दोबारा’ और ‘डॉन’ जैसी हिंदी फिल्मों से प्रेरित सिनेमा, रोमांचक आकर्षणों और लाइव ब्रॉडवे शैली के शो के साथ दुबई में बॉलीवुड के विशुद्ध रूप को दर्शाता अपनी तरह का पहला थीम पार्क ‘बॉलीवुड पार्क्स दुबई’ अक्टूबर में खुलने जा रहा है।
दुबई, 25 मई (आईएएनएस)। ‘जिंदगी न मिलेगी दोबारा’ और ‘डॉन’ जैसी हिंदी फिल्मों से प्रेरित सिनेमा, रोमांचक आकर्षणों और लाइव ब्रॉडवे शैली के शो के साथ दुबई में बॉलीवुड के विशुद्ध रूप को दर्शाता अपनी तरह का पहला थीम पार्क ‘बॉलीवुड पार्क्स दुबई’ अक्टूबर में खुलने जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, इससे दुबई के पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा।
संयुक्त अरब अमीरात में दुबई-आबू धाबी सीमा से थोड़ा पहले दुबई के मध्य से आधे घंटे की दूरी पर 17 लाख वर्ग फुट में फैला ‘बॉलीवुड पार्क्स’ 2.6-2.7 अरब डॉलर की ‘दुबई पार्क्स एंड रिजॉर्ट्स’ परियोजना का हिस्सा है।
अधिकारियों के मुताबिक, अक्टूबर में ‘बॉलीवुड पार्क्स दुबई’ के शुभारंभ अवसर पर हिंदी सिनेमा की कई दिग्गज हस्तियां यहां नजर आएंगी, लेकिन अभी तक किसी भी नाम की पुष्टि नहीं की गई है।
‘दुबई पार्क्स एंड रिजॉर्ट्स’ के प्रमुख गंतव्य प्रबंधन अधिकारी विनीत शाह ने आईएएनएस को बताया, “दुबई हमेशा से पर्यटन के लिए पारिवारिक गंतव्य के रूप में मशहूर रहा है, लेकिन यहां इतने विशाल स्तर के थीम पार्क की कमी थी।”
यहां सोमवार को थीम पार्क में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के मौके पर शाह ने कहा कि इस थीम पार्क को पूरे परिवार के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है।
थीम पार्क से जुड़ी टीम को भरोसा है कि बॉलीवुड के प्रशंसक तो इसका मजा उठाने आएंगे ही, साथ ही इस पार्क में आने के बाद अन्य लोग भी बॉलीवुड के प्रशंसक बन जाएंगे।
शाह ने कहा कि ‘कोअपरेशन कांउसिल फॉर द अरब स्टेट्स ऑफ द गल्फ’ (जीसीसी) में हिंदी सिनेमा बेहद लोकप्रिय है।
उन्होंने कहा, “हमारे छह या सात रेडियो स्टेशन हिंदी संगीत का प्रसारण करते हैं। इनके अलावा हमारे कुछ टीवी चैनल अरबी भाषा में डब की हुई हिंदी फिल्में दिखाते हैं। इसलिए सभी बॉलीवुड के बारे में जानते हैं।”
दुबई के पर्यटन और वाणिज्य विपणन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पर्यटन के लिहाज से 2015 में भारत दुबई का पहला बाजार बन गया था। इस दौरान यहां भारत के 16 लाख से भी अधिक पर्यटक आए थे।
अधिकारियों को बॉलीवुड पार्क्स में हर रोज 5,000 लोगों के आने की उम्मीद है। बॉलीवुड पार्क्स टीम इसे बढ़ावा देने के लिए भारत के टूर ऑपरेटरों के साथ गठजोड़ करने का प्रयास भी कर रही है।
‘बॉलीवुड पार्क्स दुबई’ के महाप्रबंधक थॉमस जेल्लम को पूरा भरोसा है कि गैर-भारतीय भी इसकी ओर आकर्षित होंगे।
हिंदी फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ के प्रशंसक जेल्लम ने यहां कहा, “सभी इस विशिष्ट और मजेदार थीम पार्क का भरपूर आनंद उठाएंगे।”
उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि तीन रातों और चार दिनों के लिए दुबई की यात्रा पर आने की जगह पर्यटक यहां की छह दिनों की यात्रा करेंगे, ताकि वे इस पार्क का मजा भी उठा सकें।”
फिलहाल ‘बॉलीवुड पार्क्स’ का वार्षिक पास 755 दिरहम यानी 13,881.26 रुपये में उपलब्ध है। बाद में दिनभर के लिए भी पास उपलब्ध कराए जाएंगे। पूरे रिजॉर्ट के पास के लिए यात्रियों को लगभग 2500 दिरहम खर्च करने होंगे।
यह थीम पार्क पांच जोन्स में बंटा हुआ है।
‘बॉलीवुड बॉलेवर्ड’ जिसमें एक लाईव बैंड सहित एक रेस्तरां ‘रॉक ऑन’ है, ‘मुंबई चॉक’ जिसमें शाहरुख खान की ‘डॉन : द चेज बिगिन्स’ से प्रेरित 3डी टनल राईड ‘डॉन द चेज’ का मजा उठाया जा सकता है, ‘लगान’, ‘शोले’ और ‘दबंग’ के इर्द-गिर्द मनोरंजन के विकल्प देता ‘रस्टिक रेवाइन्स’, ‘बॉलीवुड फिल्म स्टूडियोज फीचरिंग हॉल ऑफ हीरोज’ जिसमें पर्यटक किसी हिंदी फिल्म के निर्माण के दौरान के पीछे के दृश्यों का मजा उठा सकते हैं।
इसके अलावा बॉलीवुड पार्क का एक अन्य प्रमुख आकर्षण ‘रॉयल प्लाजा’ है, जिसमें 850 सीटों वाले राजमहल थियेटर में बॉलीवुड थीम पर आधारित ब्रॉडवे शैली की संगीतमय प्रस्तुति का आनंद उठाया जा सकता है।
रॉयल प्लाजा के ‘मुगले आजम’ में ‘शाही भोज का आनंद उठाया जा सकता है।’
dharmpath.com dharmpath