अबु धाबी, 2 मार्च (आईएएनएस)। दुबई में सालाना अंतर्राष्ट्रीय प्रॉपर्टी शो का आयोजन होने जा रहा है और इस साल यहां बड़ी संख्या में भारतीय प्रतिभागियों के आने की उम्मीद है। यह जानकारी शो के आयोजक स्ट्रेटेजिक मार्केटिंग एंड एक्जीबिशन ने दी।
इस साल कुल 15 भारतीय कंपनियां इस शो में भाग लेंगी जो पिछले साल के मुकाबले दोगुना है। दुबई में पचास लाख से ज्यादा भारतीय प्रवासी रहते हैं, जिन्हें लुभाने के लिए भारतीय कंपनियां 11 से 13 अप्रैल तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय प्रॉपर्टी शो में अपनी परियोजनाओं का प्रदर्शन करेंगी।
आयोजकों के मुताबिक दुबई के प्रॉपर्टी बाजार में भारतीय शीर्ष विदेशी निवेशकों में शामिल हैं। साल 2006 से 2015 के दौरान भारतीय लोगों ने ब्रिटिश और पाकिस्तानियों को पीछे छोड़ते हुए यहां कुल 120 करोड़ दिरहम (32.6 करोड़ डॉलर) का निवेश 57,000 लेन-देन के माध्यम से किया।
स्ट्रेटेजिक मार्केटिंग एंड एक्जीबिशन के अध्यक्ष दाऊद अल शेजावी बताते हैं, “संयुक्त अरब अमीरात और भारत सरकार के बीच नजदीकी रिश्तों ने निवेश का आर्दश माहौल बनाया है ताकि दोनों ही दिशाओं से फंड की आवाजाही बढ़े, खास तौर से रियल स्टेट क्षेत्र में।”
उन्होंने कहा कि भारतीय निवेशकों में दुबई में संपत्ति खरीदने के प्रति मजबूत झुकाव है।
इस दौरान दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत अनुराग भूषण ने कहा, “संयुक्त अरब अमीरात में लगभग 26,000 भारतीय कंपनियां काम कर रही हैं, जिनमें 20 से ज्यादा प्रमुख भारतीय बैंक और वित्तीय संस्थाएं हैं जिन्होंने दुबई इंटरनेशनल फाइनेंसियल सेंटर में अपना कार्यालय स्थापित किया है।”
dharmpath.com dharmpath