दुबई : भारतीय ने पूर्व प्रेमिका के सामान जलाए

दुबई, 21 जनवरी (आईएएनएस)। दुबई में बैरे का काम करने वाले एक भारतीय युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के जूते और बिस्तर को आग लगा दी। युवती ने पिछले साल अक्टूबर में युवक से रिश्ता तोड़ लिया था।

समाचार चैनल ‘गल्फ न्यूज’ के अनुसार, भारतीय बैरे की पहचान एआर के रूप में की गई है। उसने स्वीकार किया है कि पहले उसने शराब पी और फिर अपनी पूर्व प्रेमिका के कमरे में घुस कर उसके जूतों और बिस्तर को आग के हवाले कर दिया। युवक ने बताया कि ऐसा उसने बदले की भावना से किया, क्योंकि युवती ने उससे रिश्ता तोड़ लिया था।

एआर ने दुबई के न्यायालय में अपनी अर्जी दाखिल करते हुए कहा, “मैंने ऐसा किया, लेकिन मैंने बहुत ज्यादा शराब पी रखी थी और होश में नहीं था। मुझे यह भी होश नहीं था कि मैंने आग लगा दी है।”

प्राप्त जानकारियों के मुताबिक युवक और युवती दोनों ही जुमीरा पाम होटल में काम करते थे।

मामले में दाखिल आरोपत्र के अनुसार, अभियोजन पक्ष के वकील ने आरोप लगाया कि युवक बिना अधिकार होटल की महिला कर्मचारी के आवास में दाखिल हुआ और जानबूझ कर युवती के सामान को आग के हवाले किया।

युवक पर महिला कर्मचारी की जान को खतरे में डालने, उसकी निजी संपत्ति को क्षति पहुंचाने, होटल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शराब के सेवन के मामले दर्ज किए गए हैं।

न्यायालय इस मामले में फैसला आठ फरवरी को सुनाएगा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493